आगरा में आई तेजी 23 मामले निकले कोरोना पॉजिटिव

Agra Zone UP

आगरा।(www.arya-tv.com) कोरोना संक्रमण के मामले में ऐसा लग रहा है जैसे आगरा में आंकड़ा बढ़ने की होड़ मच गई है। शनिवार सुबह 10 तो शाम तक 13 मामले और सामने आने के बाद आगरा में कुल आंकड़ा 371 पर पहुंच गया है। इशारा अब ये है कि आने वाले दिनों में यह संख्‍या 400 के ऊपर होगी। केजीएमयू से प्राप्‍त रिपोर्ट को कंपाइल किया जा रहा है, रात तक आंकड़ों में और इजाफा होने के आसार हैं। आगरा में मृतक संख्‍या 09 हो चुकी है और 46 लोग उपचार पाकर ठीक हो चुके हैं। जिलाधिकारी पीएन सिंह ने बताया कि शनिवार रात 10 लोगों को अस्‍पताल से छुट्टी दी गई।

शनिवार को एक महिला की और मौत हो जाने से मृतक संख्‍या 09 हो गई है। ताजगंज निवासी महिला को सीओपीडी की शिकायत पर भर्ती कराया गया था। ये कोरोना पॉजीटिव भी हो गई थी। शनिवार दोपहर 1.30 बजे इनका निधन हो गया।

मधु नगर में दर्जनों परिवारों की नींद एक संक्रमित दूधिया ने उड़ा दी है। ये परिवार दूधिया के बाड़े से दूध लेने जाते थे। शनिवार को पुलिस दोनों बाड़ों को देखने पहुंची तो वह बंद थे। बस्ती के लोग अपने घरों में थे।

हरीपर्वत के पीपल मंडी इलाके के रहने वाले दूधिया का मधु नगर में दूध का काम है। वहां पर उसके दो बाड़े हैं। जहां दर्जनों परिवार दूध लेने पहुंचते हैं। दूधिया ने तबीयत खराब होने पर कोरोना संक्रमण की जांच कराई थी। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसकी जानकारी उसके यहां बाड़े से नियमित दूध लेने वाले परिवारों को हुई तो उनकी नींद उड़ गई।

बताया जाता है कि दूधिया सुबह-शाम अक्सर बाड़े पर आता था। इसके चलते वहां से दूध लेने वाले परिवार परेशान हैं। वह अब अपने घरों से बाहर नहीं निकल रहे। कोई भी बाड़े की ओर नहीं जा रहा है। दूधिया के संक्रमित होने का पता चलने पर शनिवार को सदर थाने की पुलिस भी वहां गई। उसे दोनों बाड़े बंद मिले। आसपास की जिन गलियों में लोग अक्सर खड़े मिलते थे, वहां भी सन्नाटा था।