15 साल की छात्रा को लगवाई ड्रग्स की लत, दो महीने तक किया गैंगरेप

#

(www.arya-tv.com) मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में 15 साल की किशोरी के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। 6वीं में पढ़ने वाली इस छात्रा को मादक पदार्थ देकर हवस का शिकार बनाया गया। बच्ची के मुताबिक, जबरन ड्रग और शराब पिलाकर दो महीने से उसका शोषण किया जा रहा था। पूरे मामले में बिंदु नामक महिला का नाम सामने आया है, जो ड्रग्स की सप्लाई भी करती है। साथ ही वह मासूम को धंधे में धकेलने की कोशिश कर रही थी।

पुलिस की जानकारी के मुताबिक, 15 वर्षीय किशोरी की शिकायत पर गजनी ठाकुर, अमन वर्मा, बिंदु दीदी और अन्य के खिलाफ अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। बच्ची ने एसआई प्रियंका शर्मा को बताया कि 14 नवंबर को गजनी और अमन घुमाने के बहाने उसे लेकर गए। यहां कोल्डड्रिंक में शराब मिलाकर पिला दी। बाद में नशे की ही हालत में उसे एक होटल में ले गए और दुष्कर्म किया।

इसके बाद आरोपी, दो दिन बाद बच्ची को एक महिला के घर लेकर गए। यहां पर उन्होंने नशा किया और उसे भी जबरन नशा करवाया। नशे की हालत में उसे फिर से होटल लेकर गए और दुष्कर्म किया। तीन दिन दुष्कर्म करने के बाद उसे घर छोड़ गए। छात्रा को ड्रग की लत लग चुकी थी। आरोपी उसे ड्रग्स देने के बहाने दुष्कर्म करने लगे थे। 31 दिसंबर को भी दोनों आरोपी उसे बिंदु के घर लेकर गए। आरोपियों ने छात्रा को नशा करवाया और बारी-बारी से दुष्कर्म किया।

छात्रा ने पुलिस को बताया कि, आरोपियों ने उसे ड्रग सप्लाई करने के लिए कहा था। उसे बताया था कि वह उज्जैन से ड्रग खरीदकर बच्चों को बेचते हैं। बिंदु भी उनके गिरोह में शामिल है। आरोपियों ने यह भी बताया कि स्कूली छात्र-छात्राएं बड़ी तादाद में उनसे ड्रग खरीदते हैं। पुलिस ने देर रात केस दर्ज कर तीन आरोपियों को पकड़ा है।