सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में तेज बुखार से पीड़ित 14 वर्षीय किशोरी की उपचार के दौरान मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिना चिकित्सकीय डिग्री इलाज करने के आरोप में मेडिकल स्टोर संचालक मोहम्मद समीर को गिरफ्तार कर लिया है।
मानपुर थाना क्षेत्र के विसेण्डा निवासी राम किशोर के मुताबिक उनकी 14 वर्षीय बेटी अल्की को तेज बुखार था। तबीयत खराब होने पर परिजन उसे समीर मेडिकल स्टोर लेकर पहुंचे। आरोप है कि वहां इलाज कर रहे मोहम्मद समीर के पास चिकित्सकीय डिग्री नहीं थी। उसने किशोरी को इंजेक्शन लगाने के साथ ग्लूकोज की ड्रिप चढ़ा दी।
ड्रिप चढ़ने के बाद बिगड़ी तबीयत
परिजनों का आरोप है कि ग्लूकोज की ड्रिप चढ़ाए जाने के बाद किशोरी की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया।
मौत के बाद परिजनों ने किया हंगामा
किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर मानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात को नियंत्रित किया।
इसके बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। मानपुर पुलिस ने मोहम्मद समीर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस कार्रवाई के बाद जांच तेज
मामले में किशोरी की मौत और कथित उपचार की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है।
