हज यात्रियों का पहला जत्था रवाना: लखनऊ से 14 हजार जायरीन 45 फ्लाइट से उड़ान भरेंगे

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) लखनऊ में हज हाउस से 14 हजार जायरीनों का जत्था रविवार सुबह हज के लिए रवाना हुआ। हज हाउस से बस से ये जायरीन एयरपोर्ट भेजे गए। 298 यात्रियों को दोपहर 12 बजे पहली फ्लाइट से रवाना किया गया। आज ही 45 फ्लाइट से सभी को मदीना रवाना किया जाएगा। जायरीनों में लखनऊ से 11 हजार 500 और वाराणसी से रवाना होने वाले 2500 यात्री शामिल हैं।

बता दें कि पूर्वांचल के कुल 2600 हज यात्रियों को वाराणसी एयरपोर्ट से जाना था। लेकिन फ्लाइट कैंसिल हो गई। ऐसे में इन जायरीनों को लखनऊ से रवाना किया जाएगा। बाकी बचे 100 हाजियों को अलग-अलग शेड्यूल के तहत रवाना किया जाएगा।

हज हाउस से एयरपोर्ट के लिए बसों को उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री दानिश आजाद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हज कमेटी के चेयरमैन मोहसिन रजा और केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर भी मौजूद रहे।

45 फ्लाइट लखनऊ से मदीना के लिए उड़ान भरेंगी
लखनऊ से कुल 25000 हज यात्रियों को हज जाना है। लखनऊ एयरपोर्ट से आज 14 हजार हज यात्रियों को लेकर 45 फ्लाइट रवाना होंगी। रविवार को पहली फ्लाइट 298 हज यात्रियों लेकर मदीना के लिए रवाना हो गई। बाकी बचे करीब 11 हजार हज यात्रियों को एक हफ्ते तक रोज 4 से 5 फ्लाइट से रवाना किया जाएगा। हज यात्रा पर जाने वालों के लिए राज्य सरकार ने सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई हैं।

कोरोना के बाद पहली बार इतने ज्यादा हज यात्री
उत्तर प्रदेश में कोरोना के बाद यह पहली बार है जब इतनी बड़ी तादाद में हज यात्री मदीना जा रहे हैं। हज यात्रियों के लिए तीन अलग-अलग डेस्टिनेशन बनाए गए हैं। लखनऊ के साथ ही गाजियाबाद और वाराणसी को भी डेस्टिनेशन बनाया गया है। हालांकि वाराणसी से फ्लाइट डायवर्ट होने की वजह से पूर्वांचल के हज यात्रियों को लखनऊ आना पड़ा। यहीं से वे हज यात्रा पर जा रहे हैं।

फ्लाइट रद्द होने से वाराणसी के यात्रियों को लखनऊ आना पड़ा
वाराणसी इंबार्केशन से हज यात्रा को लेकर सप्ताह भर से ऊहापोह की स्थिति बनी थी। जायरीनों को 21 मई से छह जून के बीच उड़ान भरनी थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। दरअसल, वाराणसी के हज यात्रियों को गो फर्स्ट के विमानों से उड़ान भरना था, लेकिन विमानन कंपनी की सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं। गो फर्स्ट की फ्लाइट लगातार निरस्त होने की वजह से अब वाराणसी इंबार्केशन से जाने वाले पूर्वांचल के 16 जिलों के हज यात्रियों को लखनऊ से रवाना किया जाएगा।