‘जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया’, ‘इंडिया’ गठबंधन ने दिया नारा, 2024 की अपनी चुनावी टैगलाइन 26 दलों ने तय की

National

(www.arya-tv.com) एनडीए के खिलाफ बने 26 विपक्षी दलों के इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस (इंडिया) ने गठबंधन के नामकरण के दूसरे दिन ही अपना सियासी टैगलाइन भी तय कर लिया है। इंडिया और भारत के बीच दूरी के विवाद बनने से पहले ही विराम देने के लिए इंडिया गठबंधन ने अपनी टैगलाइन के जरिए भारत को जोड़ते हुए ऐसे सवालों को थामने की कोशिश की है। इसीलिए चौबीस घंटे के अंदर इंडिया ने अपना टैगलाइन ”जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया” जारी करने में देर नहीं लगाई।

विपक्षी दलों ने इसी के साथ यह तय कर लिया है कि ”जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया” 2024 के चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन का नारा होगा। कांग्रेस के आधिकारिक टविटर हैंडल पर यह नारा एक संक्षिप्त वीडियो के साथ जारी हुआ। वहीं कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने असम के मुख्यमंत्री भाजपा नेता हिमंता विश्व सरमा की विवादस्पद टिप्पणियों का टविटर पर जवाब देते हुए ”जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया” का जिक्र कर इस नारे को 26 दलों की साझी सियासी पूंजी बनाने का साफ संदेश दिया।
केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सरमा रोजाना लोगों को धार्मिक, जाति, समुदाय और क्षेत्रीय आधार पर विभाजित करते हैं। क्या क्रिकेट के मैदान पर भारत की जय-जयकार करने वाले लोग भारतीय नहीं हैं? क्या वे भारतीय जो दुनिया को गर्व से बताते हैं कि वे भारतीय हैं, क्या कम देशभक्त हैं? सरमा को नसीहत देते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि भारत को गलत नजरिए से देखना बंद करे और देखें कि हमें क्या एकजुट करता है। हमारी देशभक्ति और  हमारा भाईचारा ही हमें भारतीय बनाता है।