10 हजार लोगों ने देखा बब्बर शेर, दो हजार लोग लौटे मायूस

Gorakhpur Zone UP

गोरखपुर(www.arya-tv.com) शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान (चिड़ियाघर) के लोकार्पण के दूसरे दिन मंगलवार को करीब 10 हजार लोगों ने सैर की। टिकट खरीदने के लिए सुबह से शाम चार बजे तक लंबी कतार लगी। फिर भी करीब दो हजार लोग टिकट नहीं खरीद सके। इन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा।

इस बीच टिकट खरीदने के लिए आपाधापी और धक्कामुक्की के बीच हंगामा भी हुआ। चिड़ियाघर प्रशासन ने मुख्य द्वार बंद करा दिया, फिर भी लोग डटे रहे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस बुलानी पड़ी। डायल-112 की गाड़ियां आईं, फिर जाकर भीड़ नियंत्रित की जा सकी।

चिड़ियाघर की सैर करने के लिए मंगलवार सुबह से ही दर्शकों का जमावड़ा लगने लगा। दोपहर 12 बजे तक भीड़ इतनी बढ़ गई कि चिड़ियाघर परिसर में वाहन खड़ा कराने की जगह कम पड़ गई। इसके बाद चिड़ियाघर के पास खाली भूमि पर दोपहिया व चौपहिया वाहनों को पार्क कराया गया।

दूसरे दिन ही रिकार्ड संख्या में दर्शक चिड़ियाघर आए। पहले दिन 4800 लोगों ने चिड़ियाघर देखा था। दूसरे दिन आठ हजार लोगों ने टिकट खरीदा है। इनके साथ करीब 2000 बच्चे भी आए, जिनकी उम्र छह वर्ष से कम थी। छह वर्ष से कम उम्र के बच्चों का टिकट नहीं लगता है। लिहाजा, चिड़ियाघर के मुख्य द्वार से 10 हजार लोगों को प्रवेश दिया गया।

दर्शकों ने चिड़ियाघर के अलग-अलग बाड़ों को गौर से देखा और वन्यजीवों के बारे में जानकारी भी ली। बब्बर शेर के बाड़े के बाहर से फोटो खिंचाई। बच्चों ने खूब मस्ती की है। हड़हवा फाटक की प्रतिमा ने अपनी भतीजी अनुभा का केक काटकर जन्म दिन मनाया।

उप प्रभागीय वन अधिकारी संजय कुमार मल्ल ने बताया कि दर्शकों के उत्साह से चिड़ियाघर प्रशासन गदगद है। डॉ योगेश प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ लगातार चिड़ियाघर का निरीक्षण करते रहे। साथ ही दर्शकों को वन्यजीवों के बारे में जानकारी देते रहे।