स्वामी चिन्मयानंद पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली लड़की राजस्थान से हुई बरामद

UP

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई करने वाली एक लड़की ने सोशल मीडिया पर भाजपा नेता स्वामी चिन्मयानंद पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए एक वीडियो जारी किया था। जिसके बाद वह गायब हो गई थी।
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओ पी सिंह ने बताया कि’शाहजहांपुर प्रकरण में कथित रूप से लापता लड़की को बरामद कर लिया गया है। वह राजस्थान में मिली है। सिंह ने बताया ‘हमारी टीमें पिछले चार पांच दिनों से कई जगहों पर फैली हुई थीं। अंतत: लड़की को राजस्थान से बरामद किया गया है। लड़की को शाहजहांपुर लाया जा रहा है।’ प्रकरण से जुडे और सवालों पर डीजीपी ने ब्यौरा बाद में साझा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पूरी चीजें बाद में बताउंगा।
आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
वहीं वकीलों के समूह की याचिका पर उच्चतम न्यायालय ने स्वत: संज्ञान लिया है। अदालत आज इस मामले की सुनवाई करनेवाली है। बुधवार को कुछ वकीलों ने शीर्ष अदालत में याचिका देकर इस मामले में स्वत: संज्ञान लेने की अपील की थी। वकील समूह का कहना है कि पूर्व मंत्री पर आरोप लगाने वाली छात्रा पिछले तीन दिनों से उत्तर प्रदेश से गायब है। इसलिए अदालत दखल दे।

लापता हुई छात्रा ने एक वीडियो क्लिप में आरोप लगाया था कि चिन्मयानंद उसे प्रताड़ित कर रहे थे, जिसके बाद शाहजहांपुर पुलिस ने मंगलवार को चिन्मयानंद के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की थी। छात्रा के पिता ने पुलिस के पास एक शिकायत दर्ज करा कर आरोप लगाया था कि चिन्मयानंद ने उसका (छात्रा का) यौन उत्पीड़न किया है। हालांकि, भाजपा नेता के वकील ने इस आरोप का खंडन करते हुए दावा किया कि यह उन्हें ब्लैकमेल करने की एक साजिश है।

महिला के पिता ने आरोप लगाया कि वह (छात्रा) मुमुक्षु आश्रम के प्रमुख एवं 72 वर्षीय भाजपा नेता के इशारे पर लापता की गई। वह आश्रम द्वारा संचालित एक कॉलेज में स्नातकोत्तर (पीजी) की छात्रा है।

साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ होने की आशंका
पूर्व गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर आरोप लगाने वाली छत्रा के हॉस्टल रूम को पुलिस ने बुधवार देर शाम सील कर दिया। इस दौरान कॉलेज स्टाफ के कुछ लोगों से पुलिस की झड़प भी हुई, लेकिन पुलिस ने आखिर रूम को सील कर दिया।

अपहृत छात्रा के पिता ने हॉस्टल रूम देर से सील किए जाने पर पुलिस को कठघरे में खड़ा किया है। उनका कहना है कि तहरीर दिए जाने के तीसरे दिन शाम को कमरा सील किया गया। यह केवल लीपापोती की कार्रवाई है। तीन दिन में तो रूम में रखे सबूतों से कोई भी छेड़छाड़ कर सकता है।

यूपी महिला आयोग अध्यक्ष ने की परिजनों से बात
इससे पहले एसएस लॉ कॉलेज की लापता छात्रा के परिजन से गुरुवार को उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम ने बात की और उन्हें विश्वास दिलाया कि उनके साथ न्याय होगा और मामले की निष्पक्ष जांच होगी।

आयोग द्वारा जारी बयान के मुताबिक बाथम ने पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर और एडीजी जोन, बरेली से बात की और उनसे मामले के बारे में बारे में विस्तार से जानकारी ली। आयोग ने बुधवार को शाहजहांपुर जिला प्रशासन से छात्रा के बारे में विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी ।

आखिरी बार दिल्ली में देखी गई लापता छात्रा
बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक अविनाश चंद्र ने बुधवार को बताया था कि चिन्मयानंद पर जिस लड़की के अपहरण का आरोप है, उसकी आखिरी लोकेशन पिछली 23 अगस्त को दिल्ली के द्वारका इलाके में स्थित एक होटल में मिली थी। पुलिस टीम के वहां पहुंचने से पहले ही लड़की वहां से जा चुकी थी। सीसीटीवी फुटेज में लड़की के साथ एक लड़का भी दिखाई दिया है।