सहारनपुर में भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा तोड़ने पर हंगामा

UP

यह मामला उत्तर प्रदेश के जनपद सहारनपुर के बेहट थानाक्षेत्र का है। यहां बेहट रोड पर शरारती तत्वों ने घुना बस स्टेंड पर आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। जानकारी लगने पर आसपास के लोगों में रोष फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली।
गुस्साए लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर सड़क पर आ गए। ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने बेहट-सहारनपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। इस बीच यातायात जाम होने पर मां शाकंभरी देवी मंदिर के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं के वाहन भी फंसे रहे।

गुस्साए ग्रामीणों का कहना है कि जल्द से जल्द नई मूर्ति लगवाई जाए। पुलिस ने नई मूर्ति लगवाने का आश्वासन दिया है। वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है। ग्रामीण अभी मार्ग पर ही डटे हुए हैं। वहीं पुलिस मौके पर ही मौजूद है।

बताया गया कि बेहट रोड पर प्रदर्शन करने वालों और जाम में फंसे श्रद्धालुओं के बीच टकराव के हालात बने हुए हैं। पुलिस ने बीच में घुसकर मामला संभाला और दोनों पक्षों को शांत कराया लेकिन तनातनी जारी है।