राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने राजभवन में आयोजित ‘अलंकरण समारोह’ में खिलाड़ियों को सम्मानित किया

Lucknow

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम की श्रृंखला के क्रम में आज यहां राजभवन में आयोजित ‘अलंकरण समारोह’ में काॅमनवेल्थ गेम्स-2022 में राज्य के पदक विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों तथा 36वें नेशनल गेम्स-2022 के प्रदेश के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। अलंकरण समारोह में काॅमनवेल्थ गेम्स-2022 में पदक विजेता एवं प्रतिभागी 14 खिलाड़ियों को कुल 05 करोड़ 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किये गये। साथ ही, नेशनल गेम्स में पदक विजेता 66 खिलाड़ियों को कुल 02 करोड़ 58 लाख 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गयी।
अलंकरण समारोह को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि कोई व्यक्ति जब खिलाड़ी बनता है तो उसकी शारीरिक, मानसिक व बौद्धिक क्षमता में वृद्धि होती है। वह अनुशासित होता है। जीवन में अनुशासित रहना आवश्यक है। हार-जीत खेल का हिस्सा है। खिलाड़ी को हार से निराश नहीं होना चाहिए। जीतने का प्रयास करना चाहिए और जीतने पर अहंकार नहीं आना चाहिए। शिष्टता व विवेकशीलता के साथ दूसरों की मदद करने की भावना होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अलंकरण समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज पूरा देश अपना 74वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मना रहा है। प्रदेश आज संविधान लागू होने की तिथि को कर्तव्य तिथि के रूप में आयोजित करके महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर बलिदानियों का स्मरण करते हुए देश के संविधान द्वारा प्रदत्त अपने संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति संकल्पित है। देश को दुनिया की महाशक्ति के रूप में स्थापित करने के प्रधानमंत्री जी के पंचप्रण के अभियान के साथ आज पूरा देश जुड़ रहा है। आज बसन्त पंचमी का भी पावन अवसर है। बसन्त पंचमी प्रकृति के सौन्दर्य और सुन्दरता को प्रदर्शित करने वाले प्राकृतिक परिवर्तन की महत्वपूर्ण कड़ी है। बसन्त पंचमी ज्ञान की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती के पूजन की तिथि भी है। इस विशिष्ट तिथि पर उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम की श्रृंखला में प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का अलंकरण समारोह राज्यपाल जी के सान्निध्य में आयोजित किया गया है।

ज्ञातव्य है कि काॅमनवेल्थ गेम्स-2022 में प्रदेश की प्रियंका गोस्वामी (एथलेटिक्स), मेघना सिंह (क्रिकेट), दीप्ति शर्मा (क्रिकेट) और ललित कुमार उपाध्याय (हाॅकी) ने रजत पदक जीता। वहीं, अन्नू रानी (एथलेटिक्स), दिव्या काकरान (कुश्ती), विजय कुमार यादव (जूडो), वंदना कटारिया (हाॅकी) ने कांस्य पदक प्राप्त किया। काॅमनवेल्थ गेम्स-2022 में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों में सीमा पुनिया (एथलेटिक्स), सरिता रोमित सिंह (एथलेटिक्स), रोहित यादव (एथलेटिक्स), पूनम यादव (भारोत्तोलन), पूर्णिमा पाण्डेय (भारोत्तोलन), विश्वनाथ यादव (ट्रायथलान) सम्मिलित रहे।

इस अवसर पर मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, अपर मुख्य सचिव खेल नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव राज्यपाल श्रीमती कल्पना अवस्थी, खेल निदेशक आर0पी0 सिंह, सूचना निदेशक शिशिर सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।