यूपी विधानसभा उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान जारी, सीएम ने दी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि

UP

(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र में सोमवार सुबह करीब 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई। कार्यवाही के पहले चरण में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह सहित अन्य पूर्व विधायकों के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। इसके बाद उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया।

उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार नितिन अग्रवाल व सपा के विधायक नरेंद्र सिंह वर्मा मैदान में हैं। मतदान की प्रक्रिया उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित की देखरेख में हो रही है।

इस चुनाव में भाजपा ने सपा विधायक नितिन अग्रवाल को ही अपना प्रत्याशी बनाया है। नितिन भाजपा सांसद नरेश अग्रवाल के पुत्र हैं और हरदोई सदर से विधायक हैं। दोनों ही उम्मीदवारों ने रविवार को नामांकन दाखिल किया था।

इसके पहले रविवार को एक दिवसीय विशेष सत्र के कार्यक्रम को अंतिम रूप दे दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि सोमवार को विधानसभा के एक दिवसीय सत्र को संविधान के प्रति निष्ठावान होकर सुगमता से चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सदन में सारवान और गुणवत्तापूर्ण चर्चा के लिए सभी दलों को सहयोग करना चाहिए।

विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में रविवार को हुई कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में विधानसभा उपाध्यक्ष चुनाव कराने का प्रस्ताव स्वीकार किया गया।

बैठक में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी, राकेश प्रताप सिंह, बसपा नेता शाह आलम उर्फ  गुड्डू जमाली, कांग्रेस दल की नेता आराधना मिश्रा मोना, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से कैलाशनाथ सोनकर, मंत्री रमापति शास्त्री, चौधरी लक्ष्मीनारायण, सिद्धार्थनाथ सिंह, राज्यमंत्री गुलाब देवी, योगेंद्र उपाध्याय, विधान सभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे और प्रमुख सचिव संसदीय कार्य जेपी सिंह मौजूद रहे।

सपा ने तोड़ी संसदीय परंपरा – खन्ना
संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि विधानसभा उपाध्यक्ष का पद विपक्ष को देने की परंपरा रही है। नितिन अग्रवाल सपा के विधायक है, सपा विधायक के तौर पर ही वे विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होते रहे है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने संसदीय परंपरा का पालन करते हुए नितिन अग्रवाल का नामांकन दाखिल किया है। जबकि सपा ने इस परंपरा को तोड़ते हुए अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ दूसरा उम्मीदवार मैदान में उतारा है।

मूल्यों पर चलने वाली पार्टी नहीं सपा – नरेश अग्रवाल
भाजपा नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य नरेश अग्रवाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी मूल्यों पर चलने वाली पार्टी नहीं है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में पार्टी में काम कर रहे हैं। नितिन को विधानसभा उपाध्यक्ष उम्मीदवार बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने संसदीय परंपरा को निभाया है। नितिन को अगला चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि  उचित समय पर इसका निर्णय किया जाएगा।