मुंबई के लिए आज का दिन भी हो सकता है मुश्किल, इन राज्यों में भी बारिश की संभावना

UP

मुंबई वालों की मुश्किलें तेज बारिश के चलते एक बार फिर बढ़ने वाली हैं। भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के कई जिलों जैसे कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, बिलासपुर, सिरमौर, सोलन और शिमला के लिए कहा है कि यहां अगले तीन घंटों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
31 जुलाई तक जारी रह सकती है बारिश
एजेंसी ने बताया है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में 31 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। साथ ही मंगलवार को ओडिशा के मयूरभंज, संबलपुर, नवरंगपुर, नुआपड़ा, झारसुगुड़ा, बरगढ़ एवं कालाहांडी जिले में भारी बारिश होने की संभावना है।
कई हिस्सों में भीषण बाढ़
देश के कई हिस्सों में फिलहाल बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। जहां लोग अपने घरों से दूर रहने के लिए मजबूर हैं। छत्तीसगढ़ में दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से बाढ़ आने का खतरा बढ़ गया है। यहां इंद्रावती नदी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

बिहार में भी बाढ़ से लोगों का बुरा हाल है। यहां कोसी और बागमती नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जबकि सोमवार तक यहां अधिकतर नदियां स्थिर थीं। फिलहाल पूर्वी चंपारण और दरभंगा जिले में कई क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
एमपी के 27 जिलों में चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश के 27 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। इनमें से कई जिले ऐसे हैं जहां सोमवार को भी पूरे दिन बारिश हुई है। वहीं अगर महाराष्ट्र की बात करें तो यहां भी लोग बारिश के कारण काफी परेशान हैं। यहां सोमवार को कृष्णा नदी पर बने पुल का एक हिस्सा भी इसी कारण बह गया। बताया जा रहा है कि सतारा जिले के कराड में स्थित ये पुल 80 साल पुराना था।

नागालैंड के कुछ हिस्सों, हरियाणा के उत्तरी जिले, उत्तराखंड, असम और मेघालय में मध्यम के साथ एक दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। बिहार में हालांकि कोसी-सीमांचल में नदियों का जलस्तर कम होने लगा है।