फिल्मों में आने से पहले वेटर थे अक्षय कुमार, आज हैं करोड़ों के मालिक

Fashion/ Entertainment

बॉलीवुड के सबसे व्यस्त कलाकारों में शुमार अक्षय कुमार ने इंडस्ट्री में 29 साल पूरे कर लिए हैं। अक्षय ने निर्देशक राज सिप्पी की फिल्म ‘सौगंध’ से डेब्यू किया था। आज ही के दिन 25 जनवरी को ‘सौगंध’ रिलीज हुई थी। चलिए जानते हैं अक्षय के बारे में कुछ अनसुने तथ्य…
अक्षय कुमार का असली नाम राजीव हरी ओम भाटिया है। फिल्मों में डेब्यू से पहले उन्होंने अपना नाम अक्षय कर लिया था। उनके करीबी दोस्त आज भी उन्हें राजीव के नाम से ही बुलाते हैं। अमृतसर में जन्मे अक्षय कुछ वक्त तक पुरानी दिल्ली में रहे थे। उसके बाद उनका पूरा परिवार मुंबई शिफ्ट हो गया। मुंबई में अक्षय कुमार ने डॉन बॉस्को स्कूल में पढा़ई की।
अक्षय ने थाईलैंड के बैंकॉक में शेफ और वेटर की नौकरी की है। वहां अक्षय ने मार्शल आर्ट के कुछ गुर भी सीखे थे। मार्शल आर्ट का शौक अक्षय को बचपन से ही था। 8वीं क्लास से उन्होंने इसकी ट्रेनिंग लेनी भी शुरू कर दी थी।
कम ही लोगों को पता है कि आमिर खान की फिल्म ‘जो जीता वही सिकंदर’ के लिए दीपक तिजोरी के किरदार के लिए अक्षय ने ऑडीशन दिया था लेकिन उन्हें रिजेक्ट कर दिया गया। बॉलीवुड में बतौर अभिनेता डेब्यू करने से पहले अक्षय फिल्ममेकर महेश भट्ट की फिल्म ‘आज’ में छोटे से रोल में नजर आए थे। इस फिल्म में अक्षय मार्शल आर्ट इंस्ट्रक्टर बने थे।
साल में चार-पांच फिल्में करने वाले अक्षय कुमार हाल ही में दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले चौथे अभिनेता बने हैं। फोर्ब्स लिस्ट में उनका नाम चौथे नंबर पर है। इस लिस्ट में किसी दूसरे भारतीय अभिनेता का नाम शामिल नहीं है। इस हिसाब से वो भारत के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले अभिनेता हैं। ये लिस्ट सितंबर 2019 में आई थी।
फोर्ब्स लिस्ट के अनुसार अक्षय कुमार की कुल कमाई 6.9 करोड़ डॉलर ( जून 2018 से जून 2019 तक) यानी करीब 444 करोड़ रुपये है। वेबसाइट टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया कि अक्षय की कुल संपत्ति 15 करोड़ डॉलर यानी 10.74 अरब से भी ज्यादा है। अक्षय के आगे शाहरुख-सलमान कहीं पीछे रह जाते हैं। अक्षय कुमार लग्जरी लाइफ के शौकीन हैं। वो आलीशान बंगले और कई महंगी गाड़ियों के मालिक हैं।