जायरा वसीम की आखिरी फिल्म का ट्रेलर रिलीज, प्रियंका कर रहीं वापसी

Fashion/ Entertainment

प्रियंका चोपड़ा करीब 3 साल बाद फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ से बॉलीवुड में वापसी करने जा रही हैं। फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो गया है। प्रियंका के अलावा इसमें फरहान अख्तर, जायरा वसीम और रोहित शरफ मुख्य भूमिका में हैं। 11 अक्टूबर को रिलीज होने जा रहीं इस फिल्म को शोनाली बोस ने निर्देशित किया है।

‘द स्काई इज पिंक’ आयशा चौधरी की जिंदगी पर आधारित है, जो 13 साल की उम्र में पल्मनरी फाइब्रोसिस बीमारी से ग्रसित होने के बाद एक मोटिवेशनल स्पीकर बनीं। फिल्म में प्रियंका चोपड़ा अदिति चौधरी बनी हैं। फरहान अख्तर निरेन चौधरी का किरदार निभा रहे हैं। वहीं जायरा वसीम इस कपल की बेटी का रोल कर रही हैं।
13 सितंबर को टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF) में इसका प्रीमियर है। प्रियंका ने हाल ही में एक तस्वीर शेयर की जिसमें फिल्म के चारों कलाकार एक साथ नजर आए। प्रियंका ने तस्वीर के साथ जो कैप्शन लिखा उससे जाहिर हो रहा है कि वो प्रीमियर के दौरान मौजूद रहेंगी। उन्होंने जायरा वसीम को भी टैग किया है।

YouTube player

 

फिल्म बनने से पहले कई वजहों से चर्चा में रही। इस फिल्म के बाद ‘दंगल गर्ल’ जायरा वसीम ने बॉलीवुड से अलविदा कह दिया। जायरा ने पोस्ट लिखकर बताया था कि वो फिल्मों की वजह से इस्लाम से दूर जा रही हैं इस वजह से उन्होंने बॉलीवुड छोड़ने का फैसला किया है। जायरा के इस एलान के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर यूजर्स ने काफी ट्रोल भी किया हालांकि कई लोगों ने इसे उनका निजी फैसला बताया और उनका समर्थन किया।