उ0प्र0 को विश्वव्यापी ख्याति मिलेगी: राष्ट्रपति

Lucknow
  • विगत 06 वर्षाें में उ0प्र0 ने देश व दुनिया के सामने एक नयी पहचान स्थापित की, अब नये भारत का नया उ0प्र0 आकार ले रहा: राज्यपाल
  • यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट उ0प्र0 को नये भारत का एक विकसित राज्य बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रही: मुख्यमंत्री

(www.arya-tv.com)राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि समावेशी विकास की सोच के साथ आयोजित यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 के सार्थक परिणाम आएंगे। उत्तर प्रदेश को विश्वव्यापी ख्याति मिलेगी। दूरदर्शितापूर्ण नीतियों को लागू कर तथा उसके कार्यान्वयन से उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप नए भारत का ग्रोथ इंजन बनने में सक्षम भी है और इसके लिए तैयार भी है। उत्तर प्रदेश समृद्ध होगा तो भारत भी समृद्ध होगा। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट उत्तर प्रदेश को उत्तम निवेश प्रदेश बनाने में सहायक सिद्ध होगा। मुख्य अतिथि राष्ट्रपति जी आज यहां यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 के समापन समारोह में अपने विचार व्यक्त कर रही थीं।

राष्ट्रपति ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डॉलर बनाने के लक्ष्य में उत्तर प्रदेश ने एक ट्रिलियन डॉलर का योगदान देने का संकल्प लिया है। देश की कुल अर्थव्यवस्था का पांचवा हिस्सा उत्तर प्रदेश से पूरा होगा। इस संकल्प के सिद्ध होने से प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर अभियान को भी काफी बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज कुम्भ-2019 के शानदार आयोजन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जिस प्रकार पूरे विश्व में प्रशंसा हुई थी, उनकी कामना है यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 को भी विश्वव्यापी ख्याति मिले।

उत्तर प्रदेश न केवल आबादी के लिहाज से देश का सबसे बड़ा प्रदेश है बल्कि यह देश की अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। देश की कई योजनाओं में प्रदेश पहले स्थान पर है। उत्तर प्रदेश की धरती अन्नदाता की धरती है। खाद्यान्न, गन्ना, आलू आदि व दूध के उत्पादन में यह देश में अग्रणी है। उत्तर प्रदेश में कृषि आधारित उद्यमिता विकास की अनेक सम्भावनाएं हैं। प्रदेश सरकार फूड प्रोसेसिंग पॉलिसी से खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को प्रोत्साहित कर रही है। प्रधानमंत्री के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र संघ की तरफ से वर्ष 2023 को अन्तर्राष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है और इस दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मिलेट्स की डिमांड और सप्लाई चेन को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

राष्ट्रपति ने प्रदेश सरकार की इस बात के लिए भी सराहना की की उत्तर प्रदेश में विकास के सामाजिक आयामों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यहां आर्थिक विकास के साथ ही सामाजिक व आध्यात्मिक, सांस्कृतिक विकास के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनन्दीबेन पटेल ने कहा कि यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 का उद्देश्य राज्य सरकार के नीतिगत सुधारों एवं औद्योगिक नीतियों को निवेशकों के समक्ष रखकर उन्हें निवेश के लिए आमंत्रित करना है। यह ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट उत्तर प्रदेश को उत्कृष्ट प्रदेश बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करेगी। यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 में राष्ट्रपति जी एवं प्रधानमंत्री जी का मार्गदर्शन इस बात को दर्शाता है कि देश का शीर्ष नेतृत्व उत्तर प्रदेश के विकास के लिए कितना गम्भीर है।

इन सत्रों को लगभग 280 उद्योग एवं विभिन्न सेक्टर्स के विशेषज्ञों ने संबोधित किया। केन्द्रीय मंत्रियों में राजनाथ सिंह जी, अमित शाह जी, नितिन गडकरी जी, पीयूष गोयल, श्रीमती स्मृति जुबिन ईरानी, अश्विनी वैष्णव, राजीव चंद्रशेखर, ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ डेनमार्क, यू0ए0ई0 और यू0के0 के मंत्रियों ने विभिन्न सत्रों में सहभागिता की। 09 देशों के उच्चायुक्तों/राजदूतों और देश के प्रसिद्ध उद्योगपतियों ने इस निवेश महाकुम्भ में सहभागिता सुनिश्चित कर कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया है। इन सभी महानुभावों द्वारा समिट में भाग लेने से कार्यक्रम का महत्व तो बढ़ा ही, साथ ही उनके अनुभव एवं दिशा निर्देशन का लाभ भी प्राप्त हुआ है।

प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट प्रधानमंत्री जी की अपेक्षाओं को साकार करने में मील का पत्थर साबित हुई है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज तरक्की के रास्ते पर है। पहले के यू0पी0 और आज के यू0पी0 में जो फर्क है, वह साफ है। उत्तर प्रदेश नये भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में कार्य कर रहा है। राज्य अपने आपमें एक बड़ा बाजार है। प्रदेश में वल्र्ड क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर निवेश की राह को आकर्षित कर रहा है।