महिलाओं ने कई गांवों में कर रही जहरीली शराब की सप्लाई, जानें क्या है पूरा मामला

Prayagraj Zone UP

प्रयागराज(www.arya-tv.com) जहरीली शराब से 15 मौतों के बाद पुलिस समेत सभी अन्य सरकारी महकमे नींद से जागे हैं। प्रारंभिक जांच इशारा कर रही है कि करोड़ों के इस गोरखधंधे में न सिर्फ शराब माफिया , बल्कि पुलिसकर्मी, आबकारी कर्मचारी और नेता भी शामिल हैं। शराब के धंधेबाजों ने स्थानीय स्तर पर बड़ी संख्या में महिलाओं को भी शामिल कर रखा है।

सैदाबाद में जहरीली शराब कांड में शराब की सप्लाई विमलेश देवी और उर्फ ननची ने विनोद कुमार के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने शुक्रवार को जिन सात लोगों को जेल भेजा है, उनमें तीन महिलाएं हैं। पुलिस शराब माफिया संजय जायसवाल समेत अन्य की तलाश में जुटी है। कई महिलाओं को पूछताछ के लिए पकड़ा गया है। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।

पुलिस को बींदा गांव की ननची देवी से पूछताछ के बाद पूरे गिरोह के बारे में जानकारी मिल गई है। ननची अपने लोगों के माध्यम से पूरे इलाके में शराब की सप्लाई कराती थी। ननची देवी के गिरोह को बाहर से जो सप्लाई मिलती थी, वही शराब गांवों में बेची जाती थी। बाहर से सप्लाई नहीं मिलने पर ननची और उसके गिरोह ने कई घरों में शराब बनाने का इंतजाम कर रखा था।

गिरोह के सात लोगों की गिरफ्तारी के साथ ही 77 शीशी शराब, पांच किलो यूरिया, 500 ग्राम नौसादर और 41400 रुपये भी बरामद किए गए हैं। उनसे पूछताछ में कई अड्डों और कई लोगों के बारे में पता चला है। जांच टीम के एक अधिकारी ने बताया कि ननची देवी शराब माफिया संजय जायसवाल से कम नहीं है।

पूरे इलाके में ननची देवी और विनोद कुमार द्वारा शराब की सप्लाई की जाती है। ननची देवी ने अवैध शराब के धंधे से थोड़े ही समय में अच्छा खासा पैसा कमा लिया था। जेल में बंद एक नेता की सरपरस्ती में संजय ने प्रतापगढ़, कौशाम्बी समेत कई जिलों में अपना कारोबार फैला लिया था। उसने स्थानीय स्तर पर न केवल आबकारी विभाग बल्कि पुलिस विभाग से भी साठगांठ कर रखी थी। इतने दिन से वह यह धंधा बिना किसी रोकटोक के चला रहा था।

स्थानीय लोगों ने कई बार अवैध शराब के धंधे की शिकायत की, लेकिन किसी के कानों में जूं नहीं रेंगी थी। अब 15 लोगों की मौत के बाद पूरे गोरखधंधे का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग ने कुछ कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। कुछ के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। उनसे भी पूछताछ होगी।