जोशीमठ में महिलाओं ने किया प्रशासन की टीम का विरोध

# ## National

(www.arya-tv.com) खेतों में पड़ी दरारों में मिट्टी भरने पहुंची प्रशासन की टीम का स्थानीय लोगों ने विरोध कर दिया। प्रभावितों ने प्रशासन पर खेतों की दरारों को मिट्टी से भर कर खानापूर्ति करने का आरोप लगाया है।

औली रोपवे के टॉवर के नीचे स्थित मनोहर बाग वार्ड के खेतों में पड़ी लगभग दस फीट गहरी दरारों को मिट्टी भरने के लिए जब प्रशासन की टीम पहुंची तो लोगों को इसकी भनक लग गई। लोग अपने खेतों में पहुंच गए। इस दौरान टीम और स्थानीय लोगों के बीच बहस हो गई।

जोशीमठ में निरंतर हो रहे भूस्खलन की जद में मनोहरबाग वार्ड के कई खेत भी आए हैं। खेतों में पड़ी दरारें और चौड़ी हो रही हैं। दरारों को मिट्टी से भरकर ढकने के लिए पहुंची प्रशासन की टीम का लोगों ने जमकर विरोध किया।

यहां पहुंची महिलाओं का कहना था कि सरकार अपनी नाकामी छुपाने की बजाय प्रभावितों के लिए उचित व्यवस्था करे। उनके लिए नए आवास मुहैया कराए। लोगों का कहना है कि अब वे लोग अपने घरों को छोड़कर होटलों में सोने नहीं जाएंगे। रात के समय भी वे अपने टूटे हुए घरों में रहकर विरोध दर्ज कराएंगे। प्रभावितों का कहना है कि प्रशासन दरारों में मिट्टी भरकर मात्र खानापूर्ति कर रहा है और पूरा क्षेत्र डूबने की कगार पर है।

महिलाओं का कहना है कि सरकार यदि उनका भला करना ही चाहती है तो पहले उनको मुआवजा दे, तभी वे लोग यहां से जाएंगे। उधर, टीम के सदस्यों ने बताया कि वे सीबीआरआई के निर्देश पर ही वे लोग दरारों में मिट्टी भरने के लिए वहां पर पहुंचे हैं।