अखिलेश यादव ने गिनाई केन्द्र और यूपी सरकार की खामियां

# ## National

 सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा भाजपा सरकार ने नॉनवेज दूध, दही के व्यापार के लिए अमेरिका से अंदर ही अंदर समझौता कर लिया है। सुनने में आया है कि अमेरिका के दूध-दही को भारत में मंगाना स्वीकार कर लिया गया है। अमेरिका का दूध, दही नान वेजेटेरियन हैं अगर वो दूध, दही यहां आयेगा तो गोरखपुर में गोरखधंधा चलाने वाले एकरंगी जी क्या उसे खाएंगे ।

सपा प्रमुख ने सोमवार को बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में चार विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा कि हमारे यूपी के एक एकरंगी हैं। उन्हें नाम बदलने की बीमारी है। वे शुरुआत से ही बदलने में माहिर हैं। उन्होंने अपना प्रदेश बदला, वेशभूषा बदला, अपना नाम भी बदला हैं। काम भी बदले है, पार्टी भी बदले हैं। चुनाव चिह्न भी बदले हैं। इस बार समाजवादी लोग उन्हें यूपी में बदल देंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार की जनता महागठबंधन की सरकार बनाने जा रही है। बिहार में बदलाव होना तय है। बिहार में अब भाजपा के भ्रष्टाचार का बंडलराज नहीं चलेगा। इंडिया गठबंधन भाजपा के बंडलराज को खत्म करेगा। बिहार के बजट की लूट नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को बजट की लूट और भ्रष्टाचार के पैसों को बंडल बनाकर बिहार के बाहर नहीं भेजने दिया जायेगा। बिहार का पैसा बिहार में खर्च होगा। भाजपा नौजवानों को नौकरी कभी नहीं दे सकती है। जब बिहार में तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री थे वे नौजवानों को नौकरी दे रहे थे। पूरे देश में प्रचार होने लगा था। जनता नौकरी को लेकर भाजपा की केन्द्र सरकार से सवाल करने लगी थी। इसीलिए भाजपा ने सरकार गिरा दी थी। साजिश करके उसने सरकार हटा दिया। इतना ही नहीं, सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार की विदेश नीति, आर्थिक नीति सब में फेल है। अमेरिका के राष्ट्रपति प्रधानमंत्री को हर रोज अपमानित करते हैं। अमेरिका धमकाता है। व्यापार पर पाबंदी लगा रहा है। लेकिन भाजपा के लोग एक शब्द नहीं बोलते हैं।

अब नौजवानों का नहीं भाजपा का पलायन होगा बिहार से

अखिलेश यादव ने कहा कि इस चुनाव में महागठबंधन की सरकार बनेगी। नया बिहार बनेगा। बिहार विधानसभा का चुनाव केवल बिहार ही नहीं देश के भविष्य का भी चुनाव है। नौजवानों के भविष्य का चुनाव है, इसलिए भाजपा और उनके सहयोगियों को हराकर सत्ता से हटाना है। भाजपा जाएगी तभी नौकरी आयेगी। बिहार से अब नौजवानों का नहीं भाजपा का पलायन होगा।