आगरा (www.arya_tv.com)। किसान आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस भी मैदान में उतर आई है। दीवानी के पास फुटपाथ पर कांग्रेसियों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वहां से हटाकर चौधरी चरण सिंह पार्क में बैठा दिया। उनकी भूख हड़ताल जारी है।
किसानों के आंदोलन को विपक्षी दलों द्वारा समर्थन दिया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस के सचिव अमित सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता सोमवार सुबह दीवानी चौराहा पहुंचे। यहां उन्होंने फुटपाथ पर बैठकर किसानों के समर्थन में भूख हड़ताल शुरू कर दी। पुलिस फोर्स वहां पहुंच गया। यहां राहगीरों को निकलने में हो रही दिक्कत को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेसियों को चौराहे पर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा स्थल पर बने पार्क में शिफ्ट कर दिया।
प्रदेश सचिव अमित सिंह ने कहा कि किसानों के आंदोलन के समर्थन में किसानों के बेटे भूख हड़ताल पर बैठे हैं। काले कृषि कानूनों को भाजपा अपने उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए लागू करने पर अड़ी हुई है, जबकि देशभर के किसान इन कानूनों का विरोध कर रहे हैं। इन कानूनों के रद होने तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। सतीश सिकरवार, विलाल अहमद, ताहिर हुसैन, दीपक दीक्षित, मनोज फौजदार, शैलेंद्र कुमार, बालवीर सोन, हेमंत जादौन, जुनैद, आकाश आदि मौजूद रहे।
