उत्तर प्रदेश में सर्दी और बढ़ने वाली है। इस बीच सुबह-शाम धुंध और कोहरा बना रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट के बाद अब अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। आने वाले दिनों में तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। साथ ही पछुवा हवाएं भी शाम से रात तक सिहरन बढ़ाएंगी।
खासकर तराई और पूर्वांचल क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक सुबह हल्का कोहरा और धुंध के आसार बने रहेंगे। हालांकि बीते दिनों चक्रवात की वजह मौसम में हुए बदलाव के बीच फिलहाल पूरे प्रदेश में साफ धूप खिली दिखी। मौसम विभाग की माने तो दो-तीन दिनों तक ही पूरे राज्य में ऐसा ही मौसम रह सकता है।
इससे पहले अचानक तापमान में आई भारी गिरावट का असर शनिवार को भी रहा। दिन में गुनगुनी धूप ने राहत दी तो शाम होते होते सिहरन बढ़ने लगी और रात में ठंड बढ़ गई।
मौसम विभाग के अनुसार, एक सप्ताह तक सुबह हल्की धुंध या कोहरा रहेगा तो वहीं दिन में धूप और रातें ठंडी रहेंगी। शनिवार को सबसे ठंडा बाराबंकी रहा जहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार की तरह ही कानपुर भी ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री दर्ज किया गया। आगरा में 11.5 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, छह से सात दिन तक मौसम शुष्क रहेगा।
न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट के बाद अब अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। आने वाले दिनों में तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। तराई और पूर्वांचल क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक सुबह हल्का कोहरा और धुंध के आसार बने रहेंगे। साथ ही पछुवा हवाएं भी शाम से रात तक सिहरन बढ़ाएंगी।
मौसम विभाग के अनुसार 14 नवंबर तक पूरे देश में बादल छट जाएंगे। कहीं भी बारिश की संभावना नहीं रहेगी। उत्तर पश्चिमी हवाएं गति से चलेंगी। तब तक पहाड़ों पर बर्फ की पर्तें भी बढ़ जाएंगी। 20 नवंबर के बाद सर्दी की तीव्रता भी अधिक हो जाएगी।
