Weather Update: वाराणसी में देर रात हुई बारिश से मौसम हुआ सुहाना, मिली उमस भरी गर्मी से राहत

UP Varanasi Zone

(www.arya-tv.com) वाराणसी में बीती रात हुई बारिश के बाद से मौसम सुहाना हो गया है। रविवार सुबह से धूप खिली है लेकिन तल्खी बिल्कुल नहीं है। नम हवाओं के चलने के कारण उमस का एहसास भी गायब है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आज दोपहर बाद आसमान में बादल छाए रहेंगे, गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

रविवार सुबह नौ बजे तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से करीब दो डिग्री ज्यादा है। शनिवार को दिनभर उमस के बाद रात करीब साढ़े 10 बजे के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब 45 मिनट तक तेज बारिश होती रही।

इसके बाद रिमझिम फुहार देर रात तक जारी रहा। इससे लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली है। वहीं सूख रही फसलों के लिए संजीवनी साबित हुई। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 16 अगस्त तक जिले में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। साथ ही अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में एक से दो डिग्री तक की बढ़त हो सकती है।

गंगा का जलस्तर स्थिर

केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, रविवार सुबह 8 बजे तक गंगा का जलस्तर 63.32 मीटर रहा। वहीं शनिवार को यह 63.27 मीटर था। बीते 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में पांच सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। जलस्तर में आई कमी के बाद अब घाटों की रौनक लौटने लगी है। कई घाटों का आपसी संपर्क बहाल हो गया है।