यूपी के 17 जिलों में लू का अलर्ट:प्रयागराज-झांसी दूसरे दिन भी सबसे गर्म

# ## Environment

(www.arya-tv.com) यूपी में इन दिनों तेज धूप और झुलसाने वाली गर्म हवाओं से लोग परेशान हैं। प्रयागराज का अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान है। दूसरे नंबर पर झांसी का तापमान रिकॉर्ड किया गया।

यहां का पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। प्रयागराज और झांसी दूसरे दिन भी सबसे ज्यादा गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने सोमवार और मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 17 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है।

ज्यादा गर्मी पड़ी, वैज्ञानी बोले- ग्लोबल वार्मिंग का असर
फिलहाल मौसम वैज्ञानिकों का यह भी दावा है कि इस साल सामान्य से 30% ज्यादा गर्मी बीते सालों में पहली बार पड़ी है। इसके पीछे ग्लोबल वार्मिंग का असर बताया जा रहा है। वहीं 23 मई से मौसम करवट ले सकता और राज्य के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।

आज संभलकर निकलें, हीट वेव का अलर्ट
मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि 22 मई के लिए बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मानसून आने में भी देरी
मौसम विभाग के मुताबिक 4 जून को दक्षिण पश्चिम में केरल तट से मानसून के टकराने का अनुमान है। इसके बाद ही देश के अन्य भागों में मानसून की बारिश होगी। यानी तब तक पूरा देश तेज धूप और धूल भरी आंधी से परेशान रहेगा। अगर 4 जून को केरल तट पर मानसून आता है, तो यूपी में करीब 30 से 35 दिन बाद मानसून दस्तक दे सकता है।

मानसून का धीरे-धीरे बदल रहा है पैटर्न
मौसम वैज्ञानिक ने बताया, पिछले 5 सालों में सिर्फ एक बार पहली जून को मानसून ने दस्तक दी थी। केवल 2018 और 2022 में 2 दिन पहले 29 मई को, जबकि 2019 और 2021 में कुछ ही दिनों में बारिश ने दस्तक दी थी। मानसून आमतौर पर 1 जून को केरल तट से टकराता है, लेकिन इस साल तीन दिन देरी से 4 जून को दक्षिण-पश्चिम तट पर बारिश होने की उम्मीद है। केरल में मानसून की शुरुआत के बाद 15 जुलाई तक पूरे देश में पहुंच जाता है। अगर केरल में ही देर से मानसून आएगा तो देश के बाकी हिस्सों में बारिश और देरी से होगी।