बेटे को इंजीनियर बनाने में कर्जदार हो गए विजय, ठेला लगाने को मजबूर

Gorakhpur Zone UP

गोरखपुर(www.arya-tv.com) गोरखपुर बशारतपुर में चाट का ठेला लगाने वाले विजय गुप्ता के बेटे विवेक ने जेईई मेन में 99.91 परसेंटाइल हासिल किया है। विवेक की पढ़ाई में कर्जदार हो गए विजय बेटे की सफलता से बहुत खुश हैं। बता दें कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने सोमवार देर रात ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) मेन का नतीजा घोषित कर दिया। गोरखपुर जिले के मेधावियों ने अच्छी कामयाबी हासिल की है।

किराए का मकान लेकर रहने वाले विजय ने बड़ी मुफलिसी में बेटे को पढ़ाया। अमर उजाला से बातचीत में बहुत खुश थे। हों भी क्यों न, आर्थिक तंगी में भी बेटे को पढ़ाकर इंजीनियर बनाने की उनकी ख्वाहिश जो पूरी हुई थी।

विवेक के बड़े भाई धीरज गुप्ता ने बताया कि पिता ने आर्थिक तंगी का असर विवेक पर नहीं पड़ने दिया। मां फूल कुमारी ने भी इसके लिए त्याग किया। बचपन में ही विवेक की मेधा को भांपकर विजय ने उसे इंजीनियर बनाने की ठान ली। कर्ज लेते गए, लेकिन विवेक की पढ़ाई में उन्होंने कोई बाधा नहीं आने दी।

लॉकडाउन के दौरान उनका धंधा भी चौपट हो गया, लेकिन उसका असर उन्होंने बेटे की पढ़ाई पर नहीं पड़ने दिया। विवेक रिजल्ट से खुश तो हैं, लेकिन उनका लक्ष्य आईआईटी में पढ़ने का है। जेईई एडवांस के लिए वह कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

विवेक को हाईस्कूल में 95.6 प्रतिशत अंक मिले थे। एबीसी कोचिंग क्लासेज के सौरभ अग्रवाल और नवनीत सिंह ने बताया कि 10वीं से उन्होंने गोरखपुर टैलेंट सर्च एग्जाम में विवेक का चयन किया। बेहतर मार्गदर्शन से उसे अच्छी सफलता मिली है।