UP: वेलेंटाइन वीक की दस्तक, फिजा में घुलने लगा मोहब्बत का रंग

# ## UP

सात फरवरी से वेलेंटाइन वीक की शुरुआत होगी मगर इससे पहले ही फिजा में मोहब्बत का रंग घुलने लगा है। वैलेंटाइन वीक में हर दिन को खास बनाने के लिए युवाओं में उत्साह है। प्यार का इजहार करने के लिए लोग दिनवार थीम के अनुसार तैयारियों में जुट गए हैं। गुलाब के फूलों के साथ-साथ गिफ्ट्स, चॉकलेट्स, सॉफ्ट टॉय और ग्रीटिंग कार्ड्स की मांग बढ़ी है।

महानगर के सिविल लाइंस, डिप्टी गंज, कोर्ट रोड, जीएमडी रोड और बुधबाजार में फूल विक्रेताओं ने अपनी दुकानों पर स्टॉक कर लिया है। लाल, गुलाबी और सफेद गुलाबों की खास डिमांड को देखते हुए थोक में आपूर्ति बढ़ा दी है। फूल विक्रेताओं का कहना है कि वेलेंटाइन वीक के दौरान गुलाब की बिक्री सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है।

मंडी चौक में फूल बेचने वाले शरद कुमार ने बताया कि वेलेंटाइन वीक को देखते हुए गुलाब और अन्य फूलों की उपलब्धता के लिए एडवांस आर्डर लोग दे रहे हैं। युवाओं के साथ-साथ कपल्स भी एडवांस बुकिंग करा रहे हैं। रोज डे और प्रपोज डे पर सबसे ज्यादा बिक्री की उम्मीद है। वहीं, गिफ्ट की दुकानों पर भी रौनक बढ़ गई है। खास तौर पर फोटो फ्रेम, कस्टमाइज्ड मग, की-चेन और हैंडमेड ग्रीटिंग कार्ड्स सजाए गए हैं।

यूनिक और पर्सनलाइज्ड गिफ्ट्स पसंद कर रहे लोग
दुकानदारों का कहना है कि इस बार लोग यूनिक और पर्सनलाइज्ड गिफ्ट्स को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। सिविल लाइंस स्थित एक गिफ्ट शॉप के संचालक अमित वर्मा ने बताया कि युवाओं की पसंद को देखते हुए नए और ट्रेंडी गिफ्ट्स मंगाए हैं। कस्टमाइज्ड गिफ्ट्स की सबसे ज्यादा मांग है। अभी से बुकिंग आनी शुरू हो गई है और जैसे-जैसे वेलेंटाइन डे नजदीक आएगा, बिक्री और बढ़ेगी।