उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश के बाद एक बार फिर भीषण गर्मी सताएगी। प्रदेश में अगले पांच दिनों तक तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। रविवार को राजधानी लखनऊ में उमस भरी गर्मी का आलम बना है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। सुबह से ही चटख धूप खिली है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आसमान साफ है। मौसम विभाग ने राज्य के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से के कुछ जनपदों में आंधी की चेतावनी जारी की है। कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है।
लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पूर्वी यूपी के गोरखपुर, वाराणसी, गाजीपुर, देवरिया, महाराजगंज, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, मऊ, संत कबीरनगर, चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र में गरज-चमक के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार के साथ हवाएं चलने की संभावना है।
पश्चिमी यूपी के भी कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। नोएडा से लेकर गाजियाबाद और मेरठ, शामली, हापुड़, बागपत, बुलंदशहर, सहारनपुर, फिरोजाबाद, हाथरस, मथुरा आदि जनपद शामिल हैं।
