उत्तर प्रदेश में कमजोर पड़ा कोरोना:लगातार 8वें दिन नए पॉजिटिव केस से ज्यादा डिस्चार्ज हुए लोग

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में कोरोना को मात देकर घर लौटने वाले मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। शुक्रवार को लगातार आठवें दिन कोरोना वायरस के नए पॉजिटिव केस की तुलना में डिस्चार्ज होने वाले मरीजों की संख्या अधिक रही, जो एक सुखद संकेत है। खास बात ये है कि कोरोना सैंपल की टेस्टिंग में भी कमी नहीं की गई थी। औसतन हर दिन डेढ़ लाख सैंपल चेक हो रहे हैं। बीते 24 घंटे में शुक्रवार को 4,519 नए मामले सामने आए और 6075 लोगों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है।

17 सितंबर से चल रहा एक्टिव केस घटने का सिलसिला

राज्य में अब तक 3,78,533 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। इनमें से 82.86 फीसदी यानी 3,13,686 मरीज पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। इस समय एक्टिव केसों की संख्या 59,397 है। जिसमें 30,374 होम आइसोलेशन में हैं। इससे पहले 17 सितंबर को एक्टिव केसों की संख्या 68,235 थी। 17 सितंबर को 1233 एक्टिव केस बढ़े थे। 3,36,294 कुल पॉजिटिव केस थे। लेकिन एक हफ्ते के भीतर 8 हजार से अधिक एक्टिव केस कम हुए हैं। लेकिन मौत के मामलों में कमी नहीं है। शुक्रवार को 84 लोगों की मौत हुई। इसके बाद प्रदेश में मरने वालों का आंकड़ा 5,450 पहुंच चुका है।

इस तरह प्रदेश में घटे एक्टिव केस

तारीख कन्फर्म एक्टिव ठीक हुए
18 सितंबर 6494 -410 6806
19 सितंबर 5729 -951 6596
20 सितंबर 5758 -920 6584
21 सितंबर 4618 -1790 6320
22 सितंबर 5650 -1016 6589
23 सितंबर 5143 -1450 6506
24 सितंबर 4591 -398 4922
25 सितंबर 4519 -1943 6075

अब पत्रकारों को पांच लाख का हेल्थ कवर

शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो महत्वपूर्ण घोषणाएं की है। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि, जिस भी पत्रकार की मौत कोरोना की वजह से होगी, उन्हें 10 लाख रुपए तक की सहायता राशि दी जाएगी। वहीं, हर साल पत्रकारों को 5 लाख रुपए तक का हेल्थ कवर दिया जाएगा।

लखनऊ में भी नए केस से ज्यादा डिस्चार्ज होने वालों की संख्या

शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में 580 नए केस सामने आए तो 853 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। 9 संक्रमितों की जान गई है। अब तक 653 संक्रमितों की मौत चुकी है। राजधानी में वर्तमान में 8954 एक्टिव केस हैं। इसके अलावा कानपुर नगर में 219, प्रयागराज में 291, गोरखपुर में 128, गाजियाबाद में 239, वाराणसी में 228, गौतमबुद्धनगर में 242, मेरठ में 207, अलीगढ़ में 119, झांसी में 100, लखीमपुर में 100 सर्वाधिक केस सामने आए।