प्रदेश में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का आगाज, मंत्रियों और अफसरों ने खाई दवा

# ## UP

(www.arya-tv.com) उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य और विकास जैसे महत्वपूर्ण लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयत्नशील है। भारत सरकार के 2027 तक फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रदेश सरकार हरसंभव प्रयास करेगी। डिप्टी सीएम गुरुवार को केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया द्वारा मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर वर्चुअली प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों की जानकारी दे रहे थे।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आज से 27 जनपदों में मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन कार्यक्रम की शुरुआत कर रही है। इसके तहत लोगों को फाइलेरियारोधी दवाएं खिलाई जाएंगी। यह दवाएं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर और बूथों के माध्यम से खिलाई जाएंगी। यह अभियान 28 अगस्त तक चलाया जाएगा।

मंत्री – अफसरों ने भी खाई फाइलेरिया की दवा

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा सहित विभागीय अधिकारियों ने स्वयं भी फाइलेरिया की दवा खाई। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, क्योंकि इस बीमारी का प्रभाव जनता के स्वास्थ्य और विकास से सीधे जुड़ा है। फाइलेरिया से संक्रमित होने के बाद रोगी पूरा जीवन दर्द और कठिनाई से बीतता है। कार्यक्रम में मिशन निदेशक एनएचएम पिंकी जोवेल सहित तमाम अधिकारी उपस्थित रहे।

17 जिलों में खिलाई जाएंगी दो दवाएं

उन्होंने कहा कि प्रदेश के 17 जनपदों में दो दवा (डीईसी और अल्बेंडाजोल) खिलाई जाएंगी। इन जनपदों में औरैया, बहराइच, बलरामपुर, बस्ती, देवरिया, इटावा, फर्रुखाबाद, गाजीपुर, गोण्डा, गोरखपुर, कन्नौज, कुशीनगर, महाराजगंज, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर और सुल्तानपुर शामिल हैं। शेष 10 जनपदों में तीन दवा (डीईसी, अल्वेंडाजोल और आइवरमेक्टिन) खिलाई जाएंगी। इन जनपदों में चन्दौली, फतेहपुर, हरदोई, कानपुर नगर, कानपुर देहात, मिर्जापुर, कौशाम्बी, रायबरेली, लखीमपुर खीरी और सीतापुर शामिल हैं।