हरदोई के CO नपे:सोशल मीडिया पर लिखा था- अराजकता फैलाने वालों मैं CO संडीला हूं

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक पुलिस अफसर को BJP नेता की पिटाई करने के बाद सोशल मीडिया पर धमकी भरे लहजे में पोस्ट लिखना भारी पड़ा है। शासन ने संडीला क्षेत्र के क्षेत्राधिकारी (CO) अमित कुमार श्रीवास्तव को मुख्यालय से अटैच किया है। मंगलवार को CO ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि अराजकता फैलाने वालों कानून हाथ में लेने से पहले 100 बार सोच लेना कि मैं CO संडीला हूं। उनकी यह पोस्ट अब वायरल है।

13 जनवरी को पिटाई में घायल हुआ था बूथ अध्यक्ष

दरअसल, संडीला कोतवाली इलाके के पडरी गांव निवासी रामचन्द्र BJP के बूथ अध्यक्ष थे। गांव के राजेंद्र व सुरेंद्र से 13 जनवरी को जमीन पर दीवार बनाने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान हुई मारपीट में रामचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिन्हें इलाज के लिए जिले से ट्रामा सेंटर किया गया था। जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

शव पहुंचा तो परिजनों ने किया हंगामा

इस प्रकरण में पुलिस ने क्रॉस FIR दर्ज की थी। मंगलवार की शाम जब ​​​​​​रामचन्द्र का शव गांव पहुंचा तो उनके घर वाले अंतिम संस्कार करने को राजी नहीं थे। सड़क पर शव रख कर हंगामा करने लगे। जिसके बाद क्षेत्राधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव ने मृतक के परिजनों को फटकारा और बलपूर्वक सभी को तितर-बितर करने का प्रयास किया।

भाजपा महामंत्री ने पिटाई का लगाया आरोप

इसके बाद स्थानीय विधायक राजकुमार अग्रवाल सहित तमाम भाजपाई कोतवाली पहुंचे और सीओ की कार्यशैली पर सवाल उठाए। साथ ही महामंत्री विजय प्रताप सिंह ने पिटाई का आरोप लगाया। एसपी ने इस मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक कपिल देव सिंह को दी है। वहीं शासन द्वारा सीओ पर कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से सीओ सण्डीला के पद से हटा कर मुख्यालय अटैच कर दिया गया है।