यूपी विधानसभा चुनाव: गृह मंत्री और भाजपा अध्यक्ष बरेली में घर-घर जा​कर करेंगे प्रचार

Bareilly Zone

(www.arya-tv.com) रुहेलखंड में विधानसभा चुनाव के दौरान सपा की चुनौती को देखते हुए भाजपा अपने सारे दांव आजमा रही है। भाजपा के तीसरे बड़े नेता यहां प्रचार में आ रहे हैैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रोड शो के बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा बरेली में घर-घर मतदाताओं से संपर्क साधेंगे। ऐसा पहली बार होगा कि किसी राष्ट्रीय पार्टी का अध्यक्ष इस तरह घर-घर मतदाताओं से वोट मांगने जाएगा।

पहले राउंड में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मतदान के बाद रुहेलखंड में चुनाव होना है। यह क्षेत्र भाजपा संगठन के हिसाब से ब्रज क्षेत्र का हिस्सा है लेकिन रुहेलखंड की राजनीतिक रुझान थोड़ा अलग है। ब्रज के मथुरा और आगरा में सपा अपनी स्थापना के बाद से ही एकाध सीट पर खाता ही खोल सकी है लेकिन यहां बदायूं सपा की दृष्टि से मजबूत रहा है। इसका प्रभाव बरेली की कुछ सीटों तक पडऩे लगता है। साथ ही यहां मुस्लिमों में आला हजरत दरगाह का प्रभाव है। इसके तौकीर मियां पहले ही काग्रेस को समर्थन दे चुके हैैं।

सपा ने बरेली में सदर सीट पर पार्षद राजेश अग्रवाल को टिकट देकर दाव खेल दिया है, जबकि भाजपा के यहां से विधायक अरुण कुमार ही फिर से उम्मीदवार हैैं। हालांकि अरुण की छवि जनता में बेहतर है लेकिन कोविड की दूसरी लहर के दौरान हुई परेशानी से उनके लिए कुछ मुश्किलें हैैं। ऐसे ही कैंट में भाजपा ने कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल का टिकट काटकर व्यवसायी संजीव अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया है। सपा यहां से कायस्थ को टिकट दे सकती है। कांग्रेस ने पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन मुकाबले में उतार मुश्किल बढ़ा दी है।

भाजपा चाहती है कि प्रचार में वह इतना बड़ा गैप बना दे कि अनिश्चित मतदाताओं का संशय खत्म हो जाए और उसका मतदाता निश्चिंत हो जाए। पहले दौर में अमित शाह ने इसी उद्देश्य से जन विश्वास यात्रा के समापन पर शहर में रोड शो किया था। शाह शहर की उन गलियों से गुजरे थे, जहां दिन में भी निकलना तक मुश्किल होता है। शाह ने लोगों से हालचाल पूछ फूल बरसाये। हाथ हिलाकर अभिवादन किया। यह सब सीधे भाजपा से कनेक्ट कर गया। यही नहीं राजनीतिक विश्लेषकों ने भी माना कि शाह के शो के बाद भगवा पार्टी का रास्ता आसान हुआ है।अब नड्डा शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर सीधे वोट मांगेंगे। जनता से इस दौरान सीधा संवाद होगा। वह लोगों को बताएंगे कि इस बार भाजपा की सरकार क्यों जरूरी है।

कोरोना गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए भी इस तरह की प्रचार की योजना को ज्यादा बेहतर समझा है। नड्डा दोपहर ढाई बजे पहुंचेंगे। वह कई संगठनात्मक बैठकें करेंगे और विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे। वह अपराह्न 02:50 बजे आइएमए हाल में तीन विधानसभाओं के प्रमुख पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। चुनाव आयोग की गाइडलाइंस का अनुसरण करते हुए डोर टू डोर चुनाव प्रचार करेंगे। घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर पार्टी की नीतियों के बारे में बताएंगे। महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा ने बताया कि देर शाम नौ विधानसभा के प्रमुख व्यक्तियों के साथ बैठक करेंगे।