सपा ने किया 10 प्रत्याशियों का ऐलान:लखनऊ कैंट से राजू गांधी को टिकट

# ## UP

(www.arya-tv.com) समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को 10 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। इसमें लखनऊ की 6 सीटों से भी उम्मीदवार तय कर दिए हैं। लखनऊ पूर्व से प्रवक्ता अनुराग भदौरिया को टिकट दिया है। लखनऊ कैंट से पूर्व पार्षद राजू गांधी को टिकट मिला है। खास बात ये है कि ये वही कैंट सीट है, जिससे अपर्णा यादव टिकट मांग रही थीं। यहां से टिकट न मिलने की नाराजगी के चलते ही अपर्णा ने भाजपा का दामन थामा था।

लखनऊ के पुराने शहर की मध्य सीट पर पूर्व विधायक रविदास मेहरोत्रा पर भरोसा जताया है। सुल्तानपुर के पूर्व सांसद ताहिर खान को इसौली सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। सपा ने पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा का टिकट काट कर पूजा शुक्ला को उम्मीदवार बनाया है।

कौन हैं राजू गांधी ?

राजू गांधी सपा में कई पदों पर रहे हैं, लखनऊ में पार्षद रहे हैं। पार्षद का पहला चुनाव राजू सिर्फ 7 वोटों से हार गए थे। इसके बाद लगातार 3 बार पार्षद बने। राजू गांधी सपा लोहिया वाहिनी में प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं। राजू 1992 में समाजवादी पार्टी में हैं। अब अखिलेश ने उन्हें लखनऊ कैंट से प्रत्याशी बनाया है।

रविदास मेहरोत्रा

पूर्व में मध्य सीट से विधायक रह चुके हैं। वो सपा सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। रविदास उन नेताओं में जाने जाते हैं जो जनसमस्याओं को लेकर सड़कों पर धरने पर बैठ जाते हैं।

गोमती यादव

सपा के टिकट पर बीकेटी से विधायक रह चुके हैं। इससे पूर्व वो भाजपा में भी रहे हैं। 2017 में भाजपा छोड़ सपा में शामिल हुए थे। 2017 में यादव बाहुल्य सीट पर भाजपा के अविनाश त्रिवेदी के हाथों पराजित हुए थे।

अभिषेक मिश्रा का टिकट काटकर पूजा को टिकट

लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्र नेता के तौर पर राजनीति की शुरुआत करने वाली पूजा शुक्ला ने सीएम योगी के काफिले को यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में आते वक्त काला झंडा दिखाया था, जिसके बाद पूजा को 26 दिनों तक जेल में रहना पड़ा था। पूजा समाजवादी छात्र सभा की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। आंदोलनों में पूजा शुक्ला पर कई बार लाठीचार्ज हुआ है। दिलचस्प बात है कि पार्टी में ब्राह्मणों का झंडा बुलंद करने वाले और लखनऊ उत्तर सीट से विधायक रहे अभिषेक मिश्रा का टिकट काटकर पूजा को टिकट दिया गया है।

अरमान खान

2017 में बसपा के टिकट पर लखनऊ पश्चिम से चुनाव लड़ चुके हैं। इस बार वे इसी सीट से सपा से भाग्य आजमाएंगे।

सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया

लखनऊ पूर्व सीट से मैदान में होंगे। अनुराग 2017 में भी सपा-कांग्रेस गठबंधन में कांग्रेस के निशान पर यहां से चुनाव लड़ चुके हैं।