​​हज यात्रा के लिए लगवाने होंगे कोरोना के दोनों टीके, यात्रियों को कोरोना नियमों का करना होगा पालन

National

(www.arya-tv.com) केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को हज यात्रा 2022 के बारे में जानकारी साझा की। नकवी ने बताया कि हज यात्रा पर जाने के इच्छुक लोगों को कोरोना रोधी टीकों की दोनों खुराकें लेना अनिवार्य होगा। हज यात्रा 2022 की पूरी प्रक्रिया भारत एवं सऊदी अरब की सरकारों के बीच तय होंगी। दोनों देश कोरोना संबंधी दिशानिर्देशों के तय करेंगे। जानकारी के मु​ताबिक, हज यात्रा की आधिकारिक घोषणा अगले महीने के पहले सप्ताह में कर दी जाएगी और उसी समय आवेदन की प्रक्रिया भी आरंभ होगी।

मंत्री नकवी ने कहा कि इस बार भारत और सऊदी अरब सरकार के स्वास्थ्य एवं कोरोना प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए हज 2022 की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। हज 2022 की अधिकृत घोषणा नवंबर प्रथम सप्ताह में की जाएगी, उसके साथ ही हज के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी। भारत की हज 2022 की संपूर्ण प्रक्रिया 100 प्रतिशत ऑनलाइन/डिजिटल होगी।

नकवी के मुताबिक, भारत और सऊदी अरब में हज-2022 के लिए जाने वाले यात्रियों के लिए कोरोना प्रोटोकॉल और स्वास्थ्य एवं साफ-सफाई का ध्यान रखना होगा। हज 2022 में कोरोना महामारी की स्थिति के मद्देनजर राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल-दिशानिर्देशों का मुस्तैदी से पालन किया जाएगा।

कोविड-19 के प्रभाव को ध्यान में रखकर हज यात्रा की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण परिवर्तन एवं सुधार किया गया है। इनमें भारत एवं सऊदी अरब में आवास, सऊदी अरब में हज यात्रियों के ठहरने की अवधि, यातायात, स्वास्थ्य एवं अन्य व्यवस्थाएं शामिल हैं। नियम और निर्देशों के तहत हज यात्रा की कराई जाएगी।

उन्होंने साथ में यह भी बताया कि बिना मेहरम (पुरुष रिश्तेदार) के लगभग 3000 से अधिक महिलाओं ने हज 2020-2021 के लिए आवेदन किया था। बिना मेहरम हज यात्रा के तहत जिन महिलाओं ने हज 2020 और 2021 के लिए आवेदन किए थे वह आवेदन हज 2022 के लिए भी मान्य रहेंगे, बिना मेहरम के हज पर जाने वाली सभी महिलाओं को बिना लॉटरी के हज पर जाने की व्यवस्था भी की गई है।

Leave a Reply