बमबाज गुड्‌डू मुस्लिम की बहन बोली-एनकाउंटर हुआ…तो अफसोस नहीं होगा

# ## Prayagraj Zone

(www.arya-tv.com) उमेश पाल मर्डर केस में लगातार फरार चल रही 5 लाख रुपए की इनामी शाइस्ता परवीन की मददगार मुंडी पासी की पहली बार फोटो सामने आई है। धूमनगंज थाने की हिस्ट्रीशीटर मुंडी पासी की अभी तक कोई तस्वीर पुलिस के पास नहीं थी। अब तस्वीर सामने आने के बाद 50 हजार की इनामी मुंडी पासी को पुलिस गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

अब यूपी STF के मुताबिक बसपा से महापौर पद की उम्मीदवार घोषित होने के बाद शाइस्ता परवीन के साथ ये महिला कई बार देखी जा चुकी है। मुंडी पासी के खिलाफ कई थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। माना जा रहा है कि शाइस्ता के फरार होने के बाद मुंडी उसको लगातार मदद पहुंचा रही है।

बहन ने कहा- गुड्‌डू 13 साल पर घर छोड़ गया
गुड्‌डू मुस्लिम की बहन नसबीन बानो ने बताया कि 13 साल की उम्र में गुड्‌डू मुस्लिम घर छोड़कर भाग गया था। फिर कभी वापस नहीं आया। बस हमें इतना ही पता है कि गुड्‌डू मुस्लिम बदमाशी करता था। वो कहां रहा और क्या करता रहा हमें इसके बारे में ज्यादा नहीं पता। मेरे मां-बाप ने उसे कबका घर और जायदाद से बेदखल कर दिया है।

अवतार सिंह से मंगाए थे 10 विदेशी असलहे, गुड्‌डू के घर पर नोटिस चस्पा
​​​​​​​उमेश पाल की हत्या के लिए बमबाज गुड्डू मुस्लिम ने दिल्ली से हथियार मंगाए थे। दिल्ली पुलिस ने एक हथियार तस्कर की गिरफ्तारी के बाद इसका खुलासा किया है। इसको लेकर गुड्डू के शिवकुटी स्थित घर पर नोटिस चस्पा किया है। अब दिल्ली पुलिस को भी गुड्डू की तलाश है।​​​​​​​

दरअसल, दिल्ली पुलिस ने 28 मार्च 2023 को अवतार सिंह नाम के असलहा तस्कर को गिरफ्तार किया। अवतार सिंह असलहा की सप्लाई इंटर स्टेट लेवल पर करता है। उसने पूछताछ में बताया कि उसने उमेश की हत्या से कुछ दिन पहले खालिद-जीशान नाम के जरिए गुड्‌डू मुस्लिम को 10 विदेशी असलहों की सप्लाई की थी। खालिद और जीशान असलहा तस्कर के संपर्क में पहले से थे।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जीशान और खालिद को 28 मार्च को शेख सराय, दिल्ली इलाके से गिरफ्तार किया था। इसके बाद दोनों के पास से दो पिस्टल और मैगजीन बरामद की गई थी। दोनों की निशानदेही पर 31 मार्च को दिल्ली से ही जावेद नाम के एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया था।

असद-गुलाम उमेश हत्याकांड के बाद दिल्ली में छिपे थे
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तीनों से पूछताछ करना शुरू किया, तो खुलासा हुआ कि हत्याकांड के बाद अतीक अहमद का बेटा असद और शूटर गुलाम दिल्ली पहुंचे थे। उनकी मदद से ही काफी दिनों तक दिल्ली में छिपे रहे। दिल्ली पुलिस ने 9 अप्रैल को चारों को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

गुड्‌डू मुस्लिम के गांव से भास्कर ने ग्राउंड रिपोर्ट की थी, चलिए आपको पढ़वाते हैं …

उमेश पाल हत्याकांड के बाद सुलतानपुर जिले में पड़ने वाला गुड्‌डू मुस्लिम का गांव इटकौली भी सुर्खियों में आ गया है। बताया जा रहा है कि 40 साल पहले गुड्डू मुस्लिम के पिता को कुष्ठ रोग हो गया था। इस वजह से परिवार का सामाजिक बहिष्कार हो गया। परिवार का हुक्का-पानी बंद हो गया। इसके बाद परिवार प्रयागराज शिफ्ट हो गया। इटकौली गांव सुलतानपुर शहर से 8 किलोमीटर दूर है। गांव के पीछे गोमती नदी है।

गांव के लोग गुड्डू मुस्लिम को जानते हैं
करीब ढाई हजार की आबादी वाले गांव में मुस्लिम आबादी ज्यादा है। गांव के लोग गुड्डू मुस्लिम को जानते तो हैं, लेकिन उसके बारे में कोई ज्यादा बात करने के लिए तैयार नहीं होता है। हमें कुछ उसके करीबी मिले जिन लोगों ने हमें गुड्डू के बारे में बताया।

हालांकि, ग्रामीणों ने कैमरे के सामने बात नहीं की। कहने लगे, ”कैमरे के सामने बोलेंगे तो पुलिस पकड़ लेगी”। ज्यादातर ग्रामीण गुड्डू मुस्लिम को माफिया के तौर पर जानते हैं। कहते हैं, “गांव के बच्चे बहुत अच्छी-अच्छी जगह नौकरी कर रहे हैं। लेकिन, इसी गांव में पैदा होने वाला गुड्डू मुस्लिम माफिया बन गया। ये हमारे लिए शर्म की बात है।”