पुतिन से छीना जाएगा फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान:मैक्रों बोले- सही समय के इंतजार में हूं

# ## International

(www.arya-tv.com) फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने 8 फरवरी को देर रात यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात की। इसके बाद वो गुरुवार को यूरोप की सबसे बड़ी संसद ईयू की पार्लियामेंट में भाषण देने के लिए जेलेंस्की को अपने साथ प्लेन से लेकर गए।

इन दोनों घटनाओं के अगले ही दिन शुक्रवार को मैक्रों ने कहा, “मैं पुतिन को दिया फ्रांस का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान छीन सकता हूं। बस उसके लिए सही समय का इंतजार कर रहा हूं।” दरअसल यूक्रेन जंग से काफी समय पहले साल 2006 में फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति जैक्स चिराक ने पुतिन को फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान लीजन ऑफ ऑनर दिया था। जंग के बाद से फ्रांस के लोग इसे पुतिन से वापस लेने की मांग कर रहे हैं।

हार्वे वींस्टीन से भी छीन चुके मेडल
राष्ट्रपति मैक्रों ने 2017 में हॉलीवुड डायरेक्टर हार्वे वींस्टीन से लीजन ऑफ ऑनर सम्मान वापस ले लिया था। दरअसल, हार्वे वींस्टीन पर मी टू मूवमेंट के दौरान सेक्शुअल मिसबिहेवियर के आरोप लगे थे। जिसके बाद ये फैसला लिया गया था।

वहीं हार्वे वींस्टीन अकेले ऐसे इंसान नहीं है जिनसे ये सम्मान वापस लिया गया हो। मशहूर अमेरिकी साइकलिस्ट लैंस आर्मस्ट्रोंग से भी लीजन ऑफ ऑनर का सम्मान छीना गया था। उन पर ड्रग्स लेकर साइकिलिंग करने के आरोप लग चुके हैं।

नेपोलियन के समय शुरू की थी लीजन ऑफ ऑनर की परंपरा
लीजन ऑफ ऑनर फ्रांस का सर्वोच्च सम्मान है। इसे साल 1802 में नेपोलियन ने शुरु किया था। परंपरा को सालों गुजर जाने के बाग भी फ्रांस ने कायम रखा है।

कई भारतीय भी यह सम्मान हासिल कर चुके हैं। सबसे पहले 1918 में महाराजा प्रताप सिंह को इसे सम्मान से नवाजा गया था तब से ये 40 भारतीयों को दिया जा चुका है। अगस्त 2022 में ये सम्मान कांग्रेस के नेता शशि थरूर को भी दिया गया था।

यूक्रेन को फाइटर जेट देने का इशारा किया
यूक्रेन लगातार पश्चिमी देशों से फाइटर जेट्स की मांग कर रहा है। इसी बीच शुक्रवार को फ्रांस के राष्ट्रपति ने इशारा किया है कि वो यूक्रेन की ये मांग पूरा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर हम चाहें तो भी एक या दो हफ्तों में यूक्रेन को फाइटर जेट्स नहीं दे सकते हैं। मैं फाइटर जेट देने की संभावना को पूरी तरह से खारिज नहीं कर रहा हूं।