- जमीन हड़पने की साजिश में अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले दो शातिर गिरफ्तार
लखनऊ। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने बताया कि प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े एक गिरोह द्वारा जमीन हड़पने के उद्देश्य से अपहरण कर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 1 मई 2026 को वादिनी रीता सैनी निवासी मोहारीकलां, थाना गोसाईगंज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि अभियुक्तों ने संगठित रूप से षड्यंत्र रचकर उनके पति हरिओम शिव वनमाली का अपहरण किया, उन्हें नशीला पदार्थ पिलाकर अचेत किया और फिर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाया तथा जान से मारने की धमकी दी।
मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में टीम गठित की गई। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र स्थित सरयू अपार्टमेंट में दबिश देकर मुख्य आरोपी सुनील शुक्ला और महिला साथी आकांक्षा पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को नियमानुसार हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे “शुभ मंगलम इंफ्रा” के नाम से मोहारीकलां में प्लॉटिंग का काम करते हैं और हरिओम की जमीन खरीदना चाहते थे। जमीन न मिलने पर उन्होंने गांव के ही राजू और नरेन्द्र को अपने साथ मिलाकर योजना बनाई। 28 अप्रैल को बहाने से हरिओम को बुलाकर कार में बैठाया, शराब पिलाई और उसमें नशीला पदार्थ मिलाकर अचेत कर दिया। इसके बाद एक गेस्ट हाउस में ले जाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया, ताकि बाद में उसे दिखाकर जमीन हड़पी जा सके।
हालांकि, पीड़ित की पत्नी ने हिम्मत दिखाते हुए थाने में शिकायत दर्ज करा दी, जिससे पूरा मामला खुल गया।
गिरफ्तार अभियुक्त:
सुनील शुक्ला (35 वर्ष), निवासी नीलमथा
आकांक्षा पाण्डेय (30 वर्ष), निवासी सरयू इंक्लेव
वांछित अभियुक्त:
राजू पुत्र शोभनाथ
नरेन्द्र कुमार पुत्र ईश्वरदीन
पुलिस के अनुसार, सुनील शुक्ला के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी में एक काली रंग की फॉर्च्यूनर कार शामिल है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
