- पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, एकात्म मानववाद को धरातल पर उतारने का संकल्प
लखनऊ। एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के महान प्रणेता, प्रखर राष्ट्रवादी और उत्कृष्ट संगठनकर्ता पं० दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि के अवसर पर चारबाग स्थित दीनदयाल स्मृतिका वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, भाजपा वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह तथा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित वरिष्ठ नेताओं ने पं० दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि एकात्म मानववाद का जो सपना पं० दीनदयाल उपाध्याय जी ने देखा था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार साकार कर रही है। गरीबों की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों की ओर से पं० दीनदयाल उपाध्याय जी के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं और आह्वान करता हूं कि उनके सिद्धांतों को समझकर उन्हें धरातल पर उतारने के लिए भारतीय जनता पार्टी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करें।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। पं० दीनदयाल उपाध्याय जी के विचारों से प्रेरित होकर देश को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारों ने अंत्योदय को केंद्र में रखकर अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए ठोस कार्य किए हैं और पं० दीनदयाल जी के सपनों को साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
भाजपा वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि पं० दीनदयाल उपाध्याय जी के विचार हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने संकल्प लिया कि उनके राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण के आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह एवं मुकेश शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार बृजेश कुमार मिश्रा, सरोजिनी नगर दक्षिण-2 के मंडल अध्यक्ष शिव शंकर विश्वकर्मा, दक्षिण-3 के विनोद मौर्य सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता और अंत्योदय के संकल्प से ओत-प्रोत रहा।
