बदांयू में पत्थर लगने से हुई तीन माह की मासूम की दर्दनाक मौत

Bareilly Zone

(www.arya-tv.com) थाना उघैती क्षेत्र के कुबरी काम सहाय की मढ़ैया में खेतों से हैरो निकालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। लाठी डंडे और ईंट पत्थर चले। पत्थर लगने से एक तीन माह की मासूम की मौत हो गई। मामले की सूचना पर थाना पुलिस के साथ एसपी देहात मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर किया है।

मंगलवार को कुबरी काम सहाय निवासी धीरेंद्र पुत्र वीरपाल यादव सुबह अपना हैरो लेकर खेतों पर काम करने गया था। काम निपटाने के बाद वह घर लौट रहा था। धीरेंद्र के खेतों के रास्ते में मालदार, नवाब और राजेंद्र के भी खेत पड़ते हैं। वह अपना हैरो लेकर वहां से गुजर रहा था, इसी दौरान तीनों ने उसे रोक लिया और गाली गलौज करने लगे। कहने लगे कि उनके खेतों से हैरो लेकर क्यों निकल रहा है।

गाली गलौज का उसने विरोध किया तो वह लाठी डंडों से मारपीट करने लगे। चीख पुकार सुनकर धीरेंद्र की पत्नी पिंकी और उसके पक्ष के लोग भी आ गए। इस पर मालदार, नवाब और राजेंद्र ने पथराव शुरू कर दिया। इसमें से एक पत्थर धीरेंद्र की पत्नी पिंकी की गोद में तीन माह की बच्ची राजवती को जा लगा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह देख आरोपित उसे भी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद राजेंद्र के घर में चीख पुकार मच गई।

मासूम की हत्या की जानकारी पर थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा और एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से जानकारी ली और मासूम के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद धीरेंद्र की तहरीर पर मालदार, नवाब और राजेंद्र के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी देना व गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर तीनों आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया है।

दोनों पक्षों में विवाद के दौरान हुए पथराव से मासूम की मौत हुई है। तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।