लूट करने वाले किन्नर गिरोह का खुलासा, 24 घंटे में 3 गिरफ्तार, आभूषण व कार बरामद

Lucknow
  • लूट करने वाले किन्नर गिरोह का खुलासा, 24 घंटे में 3 गिरफ्तार, आभूषण व कार बरामद

लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में महिलाओं से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले किन्नर गिरोह का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई ज्वैलरी और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी लखनऊ अमित कुमार आनंद ने बताया कि 4 मई 2026 को सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं से अज्ञात किन्नरों द्वारा झपट्टा मारकर मंगलसूत्र और कान की बालियां लूट ली गई थीं। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में टीमों का गठन किया गया। लगभग 100-150 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर 5 मई को अलीनगर खुर्द अंडरपास के पास से तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी कान की बालियां और एक वैगनआर कार बरामद की गई है।

ऐसे करते थे वारदात
पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त किन्नर होने का फायदा उठाकर पहले महिलाओं से घर में शादी होने की बात कहकर पैसे मांगते थे। विरोध करने पर कपड़े उतारकर अशोभनीय हरकतें करते और डराकर ज्वैलरी छीन लेते थे। कई मामलों में मारपीट भी करते थे।
गिरफ्तार अभियुक्त
पुलिस ने अजय रावत उर्फ रानी, आकाश गुप्ता उर्फ कम्मो (दोनों ट्रांसजेंडर) और रफीक अहमद को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

बरामदगी एक मंगलसूत्र (पीली धातु), दो कान की बालियां (पीली धातु), घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार

पुलिस टीम की भूमिका
इस पूरे मामले के सफल अनावरण में प्रभारी निरीक्षक कपिल गौतम के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रशान्त सिंह, तेजवीर सिंह, प्रदीप कुमार, गजय सिंह, महिला कांस्टेबल पूजा, कांस्टेबल दिनेश चौरसिया व संजय कुमार की टीम की अहम भूमिका रही, जिनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा संभव हो सका। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।