बदायूं, बदायूं से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। उझानी कोतवाली क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर बुधवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक ई-रिक्शा को बेरहमी से रौंद दिया। इस भीषण हादसे में ई-रिक्शा सवार 6 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी महिलाएं घर में होने वाली शादी का शगुन (भात) देने के लिए मायके जा रही थीं। हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मुरावन नगला गांव के रहने वाले डालचंद्र के बेटे कुंवरपाल की शादी तय हुई थी। इसी शादी के सिलसिले में ‘भात’ मांगने और शगुन देने के लिए घर की महिलाएं गठौना गांव जा रही थीं। इसके लिए उन्होंने गांव के ही सन्नी नाम के युवक का ई-रिक्शा बुक किया था। ई-रिक्शा में 6 महिलाओं सहित कुल 8-9 लोग सवार होकर निकले थे, लेकिन बीच रास्ते में ही काल ने उन्हें अपना शिकार बना लिया।
रेस लगा रहे ट्रैक्टरों ने बरपाया कहर
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बरेली-आगरा हाईवे पर इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते सिर्फ एक ही लेन चालू है। इसी दौरान कासगंज से उझानी की मंडी समिति में मक्का बेचकर लौट रहे दो ट्रैक्टर चालक आपस में रेस लगा रहे थे। रफ्तार के इसी जुनून में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी और उसे रौंदते हुए आगे निकल गया।
हादसा इतना भयाभय था कि महिलाएं छिटक कर सड़क पर और ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गईं। सड़क पर दूर तक खून और मांस के लोथड़े बिखर गए। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर घायलों को अस्पताल भिजवाया। 5 महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि एक महिला की मौत मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान हुई। टक्कर मारने के बाद दोनों ट्रैक्टर मौके से फरार हो गए।
मृतकों की हुई पहचान, आला अधिकारी पहुंचे मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी (DM) अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अंकिता शर्मा तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतकों की पहचान लड़के की मां राजकुमारी (50), भाभी गंगाश्री (30) के साथ-साथ प्रेमा (32), सरला (32), रेवती (80) और नारायणी (30) के रूप में हुई है। वहीं, ई-रिक्शा चालक सन्नी समेत तीन पुरुष गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालकों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
