मेरठ के कार्यकर्ताओं को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिया जीत का मंत्र

# ## Meerut Zone

(www.arya-tv.com) भाजपा के बागपत रोड स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बैठक की। इसमें पश्चिम क्षेत्र के जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी और विधानसभा पालक शामिल हुए। नड्डा ने कहा कि जिला अध्यक्ष मंडल तक प्रवास करें। मंडल पदाधिकारी शक्ति केंद्र तक प्रवास करें। शक्ति केंद्र के पदाधिकारी बूथ तक प्रवास करें।

पदाधिकारियों को प्रवास के दौरान मठ, मंदिर, अखाड़ा, आश्रम से भी संपर्क करना है। सर्व समाज को अपने साथ जोडऩा है। किसी भी कार्य की चिंता मत करो। चिंतन करो, जो भी काम करो पूरी ताकत और एकाग्र चित्त होकर करो। हम लोग सीआरपीएफ हैं, हमें काम ही काम करने हैं।

नड्डा ने कहा कि हम पार्टी के लिए बहुत काम करते हैं, बल्कि इसे इस तरह समझना चाहिए कि हम पार्टी के माध्यम से बहुत कुछ सीख रहे हैं। हम अपनी जिम्मेदारी के आधार पर जमीनी स्तर पर कितना बदलाव ला पा रहे हैं। हम कितने कार्यकर्ताओं को काम करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। पुराने कार्यकर्ताओं को हमें जोडऩा है। सर्व समाज को अपने साथ जोडऩा है। उन्होंने टिकट वितरण पर कहा कि भाजपा में टिकट बहुत चीजों से छनकर मिलता है।

अब कोई बूथ ऐसा नहीं है जहां पर भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता न हो। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने भी संबोधित किया। संचालन क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा ने किया। प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश सह संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी जेपीएस राठौर, प्रदेश सहप्रभारी कैप्टन अभिमन्यु, संजय भाटिया आदि मौजूद रहे।