महानगर के ग्रीन कॉरिडोर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में भगवान की मूर्ति के आभूषण और सीसीटीवी का डीवीआर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। महानगर पुलिस ने शनिवार को गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मंदिरों की कई दिनों तक रेकी करने के बाद रात में औजार लेकर चोरी करने पहुंचते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बादशाहनगर निवासी रिजवान, मोहम्मद आदिल और पेपरमिल कॉलोनी निवासी विजय मौर्या उर्फ नाटू के रूप में हुई है।
पंचमुखी हनुमान मंदिर में ऐसे की थी चोरी
इंस्पेक्टर महानगर अखिलेश मिश्रा के मुताबिक, 3 अगस्त को न्यू हैदराबाद निवासी प्रदीप कुमार शर्मा ने पंचमुखी हनुमान मंदिर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के बारे में सुराग मिले। शनिवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को शक्तिवन, अकबरनगर के पास बंधे से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने पंचमुखी हनुमान मंदिर के अलावा गुडंबा स्थित पीपलेश्वर महादेव मंदिर में भी चोरी करने की बात स्वीकार की।
चोरी से पहले करते थे मंदिरों की रेकी
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य पहले मंदिरों की रेकी करते थे। इस दौरान वे धार्मिक वस्तुओं, भगवान की मूर्तियों के आभूषण और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी जुटाते थे। इसके बाद रात में औजार लेकर मंदिर में दाखिल होकर चोरी करते थे। चोरी के दौरान आरोपी सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी निकाल लेते थे, ताकि वारदात से जुड़े अहम साक्ष्य पुलिस के हाथ न लग सकें।
आरोपियों की निशानदेही पर सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया है। पूछताछ में सामने आए अन्य मामलों और गिरोह के दूसरे सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
रिजवान पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी रिजवान के खिलाफ लखनऊ और बहराइच में चोरी, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मोहम्मद आदिल और विजय मौर्या के खिलाफ भी महानगर और गुडंबा थाने में मंदिर चोरी से जुड़े मामले दर्ज बताए गए हैं। महानगर पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी की अन्य वारदातों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
