श्मशान की जमीन पर ओमेक्स मैट्रो सिटी का कब्जा:लखनऊ में 66 करोड़ की जमीन पर बना दी सड़क

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com)  लखनऊ में रायबरेली रोड पर स्थित ओमेक्स मैट्रो सिटी ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर उस पर निर्माण कार्य करा रही है। जबकि वह जमीन सरकारी दस्तावेजों में शमशान घाट के लिए चिन्हित है। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष की शिकायत पर स्थानीय लेखपाल ने PGI थाने में कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

66 करोड़ की सरकारी जमीन पर बना दी सड़क
लेखपाल कुंवर प्रशांत सिंह के मुताबिक, भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष हरीशचन्द्र रावत ने जन शिकायत निवारण प्रणाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि ग्राम कल्ली पश्चिम की खसरा संख्या – 2354क क्षेत्रफल 1.741 हेक्टेयर नगर निगम की संपत्ति है। जिस पर कल्ली पश्चिम रायबरेली रोड स्थित ओमेक्स मैट्रो सिटी द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। जबकि स्थानीय ग्राम पंचायत द्वारा पूर्व में ही यह भूमि श्मशान के लिए प्रस्तावित है।

ओमेक्स मैट्रो सिटी के प्रतिनिधियों ने निगम को रोका

इसके चलते नगर निगम की टीम द्वारा जांच की गई। जिसमें पाया गया कि ओमेक्स मैट्रो सिटी के द्वारा अवैध रूप से अपनी योजना में जमीन को अपने प्रोजेक्ट में मिलाकर रोड आदि का निर्माण किया जा रहा है। ओमेक्स मैट्रो सिटी के प्रतिनिधियों की उक्त नगर निगम में निहित भूमि पर अतिक्रमण करने से रोका गया। लेकिन उन्होंने निर्माण जारी रखा।

जांच में आया कि इन लोगों ने करीब 2.044 हेक्टेयर भूमि (अनुमानित कीमत 66 करोड़) पर कब्जा किया। जब इन्हें 28 जून को नगर निगम की टीम के द्वारा रोका गया तो कंपनी के तीन लोगों ने विरोध किया। साथ ही कानूनी प्रक्रिया करने की बात कहने पर अधिकारियों से अभद्रता की।