लखनऊ में सुबह बारिश, 13 जिलों में अलर्ट:आगरा-नोएडा, बरेली में देर रात बूंदाबांदी

# ## Environment

(www.arya-tv.com) यूपी में मौसम के उलटफेर का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। लखनऊ में सुबह 6 बजे तेज बारिश हुई। तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। एक्सपर्ट का कहना है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते यूपी के मौसम में बदलाव हुए हैं।

जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें ज्यादातर पश्चिमी यूपी के हैं। मौसम विभाग ने यहां तेज हवाएं चलने की संभावनाएं जताई हैं। प्रदेश में मार्च महीने में (24 मार्च तक) 20.03 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। झांसी 36 °C के साथ सबसे ज्यादा गर्म, तो कानपुर नगर 14 °C के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा है। लखनऊ में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 17.1 °C और अधिकतम 31.2 °C दर्ज किया गया।

गाजियाबाद समेत इन 13 शहरों के लिए जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, मथुरा, अलीगढ़, और अमरोहा के लिए अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहेगा। प्रदेश में कुछ पश्चिमी इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं।

रात में 4 शहरों में हुई बारिश
शुक्रवार देर रात बरेली, सहारनपुर, गौतमबुद्ध नगर और आगरा समेत कई जगहों पर बारिश हुई। इस दौरान तेज रफ्तार से हवाएं भी चली। अगर शनिवार की बात की जाए तो लखनऊ का न्यूनतम तापमान 20°C और अधिकतम तापमान 33°C दर्ज किया जा सकता है। 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं, गाजियाबाद में भी आज बादल छाए रहेंगे। ​​​

किसानों की बढ़ी परेशानी
मौसम के बदले रुख से किसानों की परेशानी बढ़ सकती है। कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर ने बताया कि खेतों में सरसों की फसल तैयार खड़ी है। तेज हवा के साथ बारिश व ओले गिरने से दलहन तथा तिलहन फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है। वहीं गेहूं में बाली आ चुकी है। ऐसे में ओले पड़ने से इसे भी नुकसान पहुंच सकता है।