रेलवे स्टेशन पर सब इंस्पेक्टर पर बंदरों का हमला:छलांग लगाकर हाथ पर काटा

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com) आगरा में बदंरों का आंतक बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को आगरा के राजा मंडी रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रहे RPF के सब इंस्पेक्टर पर बंदरों ने हमला बोल दिया। बंदरों से बचने के लिए सब इंस्पेक्टर ने दौड़ भी लगाई, लेकिन बंदर ने उन्हें काट ही लिया। बंदरों के हमले की घटना स्टेशन पर लगे CCTV में कैद हो गई है।

राजा मंडी रेलवे स्टेशन पर बंदरों का आतंक है। यहां पर बड़ी संख्या में हर समय बंदर प्लेटफार्म पर घूमते रहते हैं। मंगलवार शाम करीब साढे़ चार बजे RPF के सब इंस्पेक्टर राजीव कुमार मीना प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर गश्त कर रहे थे। तभी एक बंदर उनकी ओर आता है। वो बंदर से भागने की कोशिश करते हैं, लेकिन बंदर उनकी ओर बढ़ता है। वो बंदर से बचने के लिए प्लेटफॉर्म पर भागते हैं, ऐसे में आसपास के कई बंदर उनके पीछे दौड़ पड़ते हैं। बंदर सब इंस्पेक्टर को घेर लेते हैं। वो बंदरों से बचने का काफी प्रयास करते हैं, लेकिन इसके बाद भी एक बंदर पीछे से भागते हुए उनके हाथ पर काट लेता है।

दो इंच लंबा घाव हुआ, एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाना पड़ा
सब इंस्पेक्टर ने बताया कि बंदर के काटने से उनके हाथ पर करीब दो इंच लंबा घाव हो गया है। उन्होंने रेलवे अस्पताल में जाकर एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाने पडे़। बता दें कि राजा मंडी स्टेशन पर आए दिन बंदर यात्रियों को निशाना बनाते रहते हैं। उनके हाथ से खाने-पीने का सामान छीनकर ले जाते हैं। प्लेटफॉर्म पर बंदरों का आतंक है।

ताजमहल पर भी पर्यटक परेशान
आगरा में ताजमहल पर भी बंदरों का आतंक हैं। कई बार बंदर देशी और विदेशी पर्यटकों को काट चुके हैं। बंदरों को पकड़ने के लिए ताजमहल पर नगर निगम ने पिंजरा भी लगाया था। मगर, इसके बाद भी बंदरों की संख्या कम नहीं हो रही है। ASI की ओर से ताजमहल पर बंदर भागने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई थी।