- नगर निगम के नवनियुक्त नगर आयुक्त गौरव कुमार ने की पहली बैठक, शहर में स्वच्छता और टैक्स वसूली पर दिए सख्त निर्देश
– शहर में शनिवार से चलेगा नालियों की सफाई का अभियान
लखनऊ। नगर निगम के नवनियुक्त नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कार्यभार संभालने के बाद शुक्रवार शाम को नवीन समिति कक्ष में टैक्स विभाग की पहली बैठक ली। इस अहम बैठक में चीफ टैक्स असेसमेंट ऑफिसर (CTAO), समस्त जोनल अधिकारी, टैक्स सुप्रिटेंडेंट और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में स्वच्छता, नालियों की सफाई और टैक्स वसूली को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
मानसून से पहले नालियों की सफाई के निर्देश, कल से चलाया जाएगा अभियान
गौरव कुमार ने मानसून से पहले शहर की नालियों की सफाई को प्राथमिकता देते हुए सभी जोनल अधिकारियों को शनिवार से एक सप्ताह तक विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या को रोकने के लिए नगर निगम को अभी से सक्रिय होकर काम करना होगा। इस दिशा में उन्होंने सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में एक मीटर चौड़ी नालियों की सूची तैयार करने का भी आदेश दिया।
कचरा प्रबंधन पर कड़ा रुख
बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने कचरा प्रबंधन को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के किसी भी कोने में कूड़े का ढेर जमा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, “हर क्षेत्र में प्रतिदिन कूड़ा उठाया जाना चाहिए। ऐसी कोई भी शिकायत नहीं आनी चाहिए कि कूड़ा कई दिनों से नहीं उठा है। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग आवश्यक है और इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से जोनल अधिकारियों की होगी।”
टैक्स वसूली में पारदर्शिता और गति लाने पर ज़ोर
सफाई के साथ-साथ टैक्स वसूली को लेकर भी नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सक्रिय होने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि टैक्स विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और गति दोनों जरूरी हैं। जनता को टैक्स संबंधी सेवाएं समय पर मिलें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो, इसके लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
जनविश्वास बढ़ाने के लिए जवाबदेही ज़रूरी
उन्होंने आगे कहा कि नगर निगम की छवि जनता के बीच एक जवाबदेह और सक्रिय संस्था के रूप में स्थापित होनी चाहिए। इसके लिए जरूरी है कि सभी विभाग समय पर और सही ढंग से कार्य करें। नागरिकों को सुविधाएं समय पर मिलें और शिकायतों का निवारण प्राथमिकता पर किया जाए।
टीम भावना से कार्य करने की सलाह
बैठक के अंत में नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को टीम भावना से कार्य करने की सलाह दी और कहा कि निगम की कार्यक्षमता तभी बेहतर होगी जब सभी विभाग मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य सिर्फ विकास कार्यों को पूरा करना नहीं है, बल्कि जनता में भरोसा जगाना है कि नगर निगम उनकी सेवा में तत्पर है।”