- पुलिस उपायुक्त ने थाना सरोजनीनगर का औचक निरीक्षण किया, व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश
लखनऊ। पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने और थानों की कार्यप्रणाली को प्रभावी करने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त जोन दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने थाना सरोजनीनगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाने की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली को विशेष रूप से परखा गया। वहां आने वाली महिलाओं की शिकायतों के त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण पर जोर देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पीड़ितों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई।
इसके अतिरिक्त मालखाना, बैरक, शस्त्रागार, हवालात तथा अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से संधारित करने, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा शस्त्रों की नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैरक की साफ-सफाई और पुलिसकर्मियों की सुविधाओं पर भी ध्यान देने को कहा गया।
पुलिस उपायुक्त ने हवालात की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित कर्मियों को सतर्कता बरतने और निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने की प्रत्येक व्यवस्था पारदर्शी, उत्तरदायी और जनहित के अनुरूप होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अमित कुमार आनंद ने कहा कि जनता का विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है, इसलिए प्रत्येक शिकायत का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनसुनवाई को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
कार्यक्रम के अंत में थाना परिसर की समग्र व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
