मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के कार्याें की समीक्षा की

Lucknow
  • मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023-24 के केन्द्रीय बजट के परिप्रेक्ष्य में सभी सम्बन्धित विभागों को अपने-अपने प्रस्ताव भारत सरकार को समय से प्रेषित करने के निर्देश दिए
  • केन्द्र सरकार ने गरीबों को मुफ्त खाद्यान्न की आपूर्ति करने की योजना को 01 वर्ष के लिए बढ़ाने का प्रस्ताव किया, इसका सर्वाधिक लाभ उ0प्र0 के लोगों को होगा
  • एम0एस0एम0ई0 उ0प्र0 की बड़ी ताकत तथा औद्योगिक विकास का आधार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2023-24 के केन्द्रीय बजट के परिप्रेक्ष्य में सभी सम्बन्धित विभागों को अपने-अपने प्रस्ताव भारत सरकार को समय से प्रेषित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करने के लिए प्रभावी प्रयास किया जाना आवश्यक है। इसके दृष्टिगत समस्त कार्यवाही समयबद्ध ढंग से की जाए।
मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों के कार्याें की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय बजट में सप्तऋषि की अवधारणा के माध्यम से सात प्राथमिकताएं व्यक्त की गई हैं। इनमें समावेशी विकास, अन्तिम व्यक्ति तक पहुंचना, अवसरंचना एवं निवेश, सक्षमता को सामने लाना, हरित विकास, युवा शक्ति तथा वित्तीय क्षेत्र शामिल हैं। इनके माध्यम से केन्द्र सरकार का वर्तमान बजट देश तथा प्रदेश के विकास के लक्ष्यों को पूरा करने का मार्ग प्रशस्त करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है। राज्य में राजस्व की कोई समस्या नहीं है। इसके दृष्टिगत प्रदेश का आगामी बजट बनाया जाए। वित्तीय वर्ष 2022-23 के बजट की अवशेष धनराशि विभागों द्वारा प्राथमिकता पर अवमुक्त की जाए। प्रदेश के सभी 75 जनपदों में एक-एक हेल्थ एवं वेलनेस सेण्टर का निर्माण कराया जाना चाहिए। यह प्रदेश को हेल्थ टूरिज्म के हब के रूप में स्थापित करने में उपयोगी होगा।

बैठक में मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, कृषि उत्पादन आयुक्त मनोज कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव वित्त प्रशान्त त्रिवेदी, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एस0पी0 गोयल, अपर मुख्य सचिव खेल नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव ऊर्जा महेश कुमार गुप्ता, अपर मुख्य सचिव एम0एस0एम0ई0 अमित मोहन प्रसाद, अपर मुख्य सचिव कृषि देवेश चतुर्वेदी, अपर मुख्य सचिव चीनी उद्योग संजय आर0 भूसरेड्डी, अपर मुख्य सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण हेमन्त राव, अपर मुख्य सचिव दुग्ध विकास रजनीश दुबे, अपर मुख्य सचिव आयुष श्रीमती आराधना शुक्ला, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य पार्थ सारथी सेन शर्मा, प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात, प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन नितिन रमेश गोकर्ण, प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति श्री मुकेश कुमार मेश्राम, प्रमुख सचिव माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा दीपक कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।