मंत्रिपरिषद ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय को राज्य विश्वविद्यालय के रूप स्वीकृति प्रदान की

Education UP

(www.arya-tv.com) मंत्रिपरिषद ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय को राज्य विश्वविद्यालय के रूप में प्रतिष्ठापित करने हेतु उत्तर प्रदेश जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय अध्यादेश-2023 के आलेख्य को स्वीकृति प्रदान कर दी है। मंत्रिपरिषद ने अध्यादेश को प्रतिस्थानीय विधेयक को आगामी विधान मण्डल सत्र में पुरःस्थापित/पारित कराये जाने के प्रस्ताव को भी अनुमोदित कर दिया है।

जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय, चित्रकूट के कुलाधिपति राघवीयो जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य द्वारा अपनी दीर्घ आयु तथा सीमित आर्थिक संसाधनों से उक्त विश्वविद्यालय का संचालन न कर पाने के दृष्टिगत, विश्वविद्यालय को राज्य विश्वविद्यालय के रूप में प्रतिष्ठापित किये जाने हेतु अनुरोध किया गया। तद्नुक्रम में प्रथम चरण में मंत्रिपरिषद के अनुमोदन के क्रम में 31.01.2023 को राज्य सरकार एवं कुलाधिपति, जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय के मध्य समझौता ज्ञापन का निष्पादन किया गया।

जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय को राज्य विश्वविद्यालय के रूप में प्रतिष्ठापित करने हेतु द्वितीय चरण में उत्तर प्रदेश जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय अध्यादेश-2023 को प्रख्यापित कराये जाने तथा इसके प्रतिस्थानी विधेयक को आगामी विधान मण्डल सत्र में पुरःस्थापित/पारित कराये जाने का निर्णय लिया गया है।

अध्यादेश के गजट में प्रकाशित कराये जाने की दिनांक से जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय को राज्य विश्वविद्यालय का दर्जा प्राप्त हो जायेगा। इस निर्णय से राज्य को एक अतिरिक्त दिव्यांग विश्वविद्यालय प्राप्त होगा। इसमें चित्रकूट एवं आस-पास के क्षेत्र के दिव्यांग छात्र-छात्राओं के अतिरिक्त, सामान्य छात्र-छात्राएं भी अध्ययन कर सकेंगे। इससे इन विद्यार्थियों को गुणवत्तापरक शिक्षा सुलभ होगी, फलस्वरूप उनका सर्वांगीण विकास सम्भव हो सकेगा।