नगर निगम मुख्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस, महापौर सुषमा खर्कवाल ने किया ध्वजारोहण

Lucknow
  • नगर निगम मुख्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस, महापौर सुषमा खर्कवाल ने किया ध्वजारोहण

लखनऊ। नगर निगम मुख्यालय में 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर देशभक्ति, उत्साह और गरिमा से परिपूर्ण वातावरण में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर सुषमा खर्कवाल ने की। उन्होंने विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ, जिससे सम्पूर्ण परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’, पार्षदगण, समस्त अपर नगर आयुक्तगण, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। महापौर सुषमा खर्कवाल ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि हमारे संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों की जीवंत अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है तथा स्वच्छता, ईमानदारी, पारदर्शिता और सेवा भाव ही सशक्त भारत की मजबूत नींव हैं।

उन्होंने नगर निगम परिवार से आह्वान किया कि वे शहर के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें। समारोह के अंत में “जय हिंद” और “वंदे मातरम्” के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरा वातावरण देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत रहा, जिसने उपस्थितजनों में राष्ट्रसेवा के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया।