राजकुमार इंटर कॉलेज में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

Lucknow
  • राजकुमार इंटर कॉलेज में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

लखनऊ। राजकुमार इंटर कॉलेज, आलमनगर में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह, अनुशासन और जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं योग साधकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

कार्यक्रम का आयोजन योगाचार्य पं. नवीन के सानिध्य में किया गया। योग प्रोटोकॉल का संचालन पं. नवीन एवं उनकी टीम के सदस्य निहारिका यादव, नेहा द्विवेदी, तान्या रावत, पूजा पाठक और साक्षी सिंह ने मंच से किया। उनके निर्देशन में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।

  • योग से तन, मन और आत्मा को मिलती है ऊर्जा

इस अवसर पर योगाचार्य पं. नवीन ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और सकारात्मक बनाने की एक संपूर्ण पद्धति है। योग नियमित रूप से करने से शरीर स्वस्थ रहता है, मन शांत होता है और आत्मिक शक्ति का विकास होता है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

  • विद्यालय परिवार ने की आयोजन की सराहना

विद्यालय की प्रधानाचार्या लखबीर चावला एवं उप प्रधानाचार्या डॉ. मधु दीक्षित ने योग दिवस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों और शिक्षकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सकारात्मक जीवन मूल्यों को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए योगाचार्य पं. नवीन और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।

  • सूक्ष्म जलपान के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन

योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों ने स्वयं को तनावमुक्त, ऊर्जावान और उत्साहित महसूस किया। कार्यक्रम का समापन सूक्ष्म जलपान के साथ हुआ। पूरे आयोजन में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश प्रमुख रूप से देखने को मिला।