मुख्तार अंसारी की बेनामी संपत्तियों पर कुर्की की तैयारी

# ## Varanasi Zone

(www.arya-tv.com) माफिया मुख्तार अंसारी एक बार फिर चर्चा में है। गैंगस्टर मामले में कोर्ट ने 10 साल की सजा सुनाई है। जबकि उनके भाई अफजाल अंसारी को 4 साल की सजा मिली है। लोकसभा सचिवालय ने बसपा सांसद अफजाल अंसारी की संसद सदस्यता भी रद्द कर दी है। जिसके बाद पुलिस अब दोनों भाइयों की बेनामी संपत्तियों की कुर्की की तैयारी कर रही है। इसके लिए पुलिस पूर्वांचल के सभी जिलों में होमवर्क करने में जुटी है।

बहनोई, रिश्तेदारों के नाम खरीदी जमीन

पुलिस सूत्रों की मानें, तो काशी में मुख्तार अंसारी ने अपने करीबियों के नाम से कई करोड़ों की संपत्तियां खरीदीं। उसकी पत्नी और रिश्तेदारों के नाम पर भी कई संपत्तियां हैं। वाराणसी में भी 10 करोड़ रुपए से अधिक की एक बेनामी संपत्ति की जानकारी पुलिस को मिली है। वहीं गाजीपुर में बहनाई, चचेरे रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी गई भूमि के दस्तावेज गाजीपुर पुलिस के हाथ लग गए हैं।

वाराणसी के अलावा मऊ, गाजीपुर, आजमगढ़, जौनपुर में भी मुख्तार की संपत्तियों की तलाश की जा रही है। कई संपत्तियों को जुटाकर एक साथ करोड़ों की भूमि और भवन को कुर्क किया जाएगा। पुलिस जल्द ही इन पर कार्रवाई करेगी।

राजस्व विभाग तैयार कर रहा दस्तावेज

कोर्ट से आदेश के बाद पुलिस इन संपत्तियों को कुर्क करेगी। मऊ और गाजीपुर की पुलिस टीमों ने इन संपत्तियों का विवरण जुटा रही है। इसमें वाराणसी पुलिस उनकी मददगार बनेगी। बनारस में मुख्तार की बेनामी संपत्तियों की सूची तैयार की जा रही है। राजस्व विभाग से उनके दस्तावेज भी जुटाए जा रहे हैं। अब तक 291 करोड़ 19 लाख की संपत्ति जब्त की गई है। 284 करोड़ 77 लाख की संपत्ति का ध्वस्तीकरण किया जा चुका है।

3 साल में मुख्तार की 576 करोड़ की प्रॉपर्टी कुर्क

साल 2020 के बाद से अब तक मुख्तार अंसारी और उसके रिश्तेदारों की करीब 576 करोड़ रुपए से ज्यादा संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं। इसमें 291 करोड़ 19 लाख की संपत्ति जब्त और 284 करोड़ 77 लाख की संपत्ति का ध्वस्तीकरण किया जा चुका है। तीन साल में मुख्तार की संपत्तियों पर कार्रवाई में मकान, जमीन, माल, होटल, गोदाम आदि न्यायालय के आधीन है।

मुख्तार का सबसे पसंदीदा होटल गजल गिरने के बाद उसका साम्राजय भी ढह गया। मुख्तार की पत्नी आफ्शां अंसारी, बेटे अब्बास अंसारी, साले सरजील रजा और अनवर शहजाद, भाई सांसद अफजाल अंसारी की करोड़ों की भूमि और फार्म हाउस पर कोर्ट का नोटिस चस्पा है। इसमें मुख्तार की पत्नी फरार है। इसके अलावा सभी जेल में बंद है।

आफ्शां अंसारी के खिलाफ जारी है लुकआउट और एनबीडब्ल्यू

मुख्तार अंसारी की पत्नी और दो सालों पर शिकंजा और कसता जा रहा है। मुख्तार अंसारी की पत्नी आफ्शां के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी है। गाजीपुर के छावनी लाइन स्थित भूमि गाटा संख्या-162 और बवेरी में भूमि आराजी नंबर-598 कुर्क शुदा जमीनों पर अवैध कब्जा का मामला भी दर्ज है। आरोपी के भाई सरजील रजा और अनवर शहजाद ने सरकारी ठेका हासिल करने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्रस्तुत करने की बात भी सामने आई थी। गाजीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करने आफ्शां अंसारी के सरकारी धन के गबन व अमानत में खयानत के आपराधिक कृत्य के संबंध में भी सैदपुर में मुकदमा दर्ज है। आफ्शां अंसारी के खिलाफ बीते 12 सितंबर को गैंगेस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज किया था। अब उनकी संपत्तियों को भी खोजकर पुलिस कुर्की की कार्रवाई कर रही है। इसके अलावा मऊ में भी तीन थानों में केस दर्ज है।

माफिया के परिवार पर 97 मुकदमे

माफिया मुख्तार अंसारी और अफजाल अंसारी व उसके परिवार के लोगों के खिलाफ 97 मुकदमे दर्ज हैं। माफिया मुख्तार अंसारी पर 61, अफजाल अंसारी पर सात, सिबगतुल्लाह अंसारी पर तीन, मुख्तार की पत्नी आफ्शां अंसारी पर 11, मुख्तार के बेटे अब्बास अंसारी पर आठ, उमर अंसारी पर छह और अब्बास की पत्नी निखत बानो पर एक मुकदमा दर्ज है। आफ्शां अंसारी और उमर अंसारी मौजूदा समय में फरार घोषित हैं।

गैंगस्टर केस में कुर्क होगी संपत्तियां

ACP संतोष सिंह ने बताया कि मऊ और गाजीपुर की टीमें बनारस समेत समूचे पूर्वांचल में मुख्तार अंसारी, अफजाल अंसारी, आफ्शां अंसारी समेत परिजनों रिश्तेदारों की नामी बेनामी संपत्तियों की तलाश में जुटी हैं। मऊ और गाजीपुर की पुलिस गैंगस्टर में मुख्तार की नामी और बेनामी संपत्तियों को गैंगस्टर केस के तहत कुर्क कर रही है। वाराणसी की संपत्तियों की तलाश और कुर्की में पूरा सहयोग किया जाएगा।