- प्रदेशभर से शिक्षक होंगे शामिल, ‘अध्यापक हैं युग के निर्माता’ का कराया जाएगा बोध
लखनऊ। अखिल विश्व गायत्री परिवार के विशेष प्रतिनिधि एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पाण्ड्या 4 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित प्रांतीय स्तर की शिक्षक गरिमा कार्यशाला में शामिल होंगे। कार्यशाला का आयोजन डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार, आशियाना में किया जाएगा।
- शिक्षकों को देंगे युगऋषि का विशेष संदेश
कार्यशाला में प्रदेशभर से आए शिक्षकगणों को डॉ. चिन्मय पाण्ड्या युगऋषि का विशेष संदेश देंगे। इस दौरान शिक्षकों को उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों का बोध कराते हुए ‘अध्यापक हैं युग के निर्माता, छात्र हैं राष्ट्र के भाग्य विधाता’ के भाव को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
- शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण पर जोर
कार्यशाला में शिक्षक की भूमिका को केवल शिक्षण तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विचार किया जाएगा। शिक्षकों को विद्यार्थियों में संस्कार, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम के बाद डॉ. चिन्मय पाण्ड्या दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। यह जानकारी मुख्य प्रबंध ट्रस्टी उमानन्द शर्मा ने दी।
